सोनम कपूर का रॉयल लुक, बेबी शावर में फ्लॉन्ट किया बेबी बंप,

नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर के घर इन दिनों खुशियों का माहौल है. वह पति आनंद आहूजा के साथ अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने के लिए तैयार हैं. इसी सिलसिले में 8 फरवरी को एक शानदार बेबी शावर पार्टी रखी गई. इस प्राइवेट फंक्शन में कपूर खानदान के साथ-साथ बॉलीवुड के कई बड़े दिग्गज भी शामिल हुए. करीना कपूर से लेकर भूमि पेडनेकर तक, हर कोई इस जश्न का हिस्सा बना. पैपराजी के कैमरों में मेहमानों की एंट्री तो कैद हो गई थी, लेकिन फैंस की नजरें सिर्फ मॉम-टू-बी सोनम पर टिकी थीं. अब सोनम कपूर के बेबी शावर की इनसाइड तस्वीरें वायरल हो रही हैं.
बेबी शावर के मौके पर सोनम कपूर का लुक वाकई देखते ही बन रहा था. उन्होंने फ्लोरल कढ़ाई वाला लाइम ग्रीन कलर का बेहद खूबसूरत लहंगा पहना. बालों का नीट बन, गले में हैवी नेकलेस और मैचिंग ईयरिंग्स के साथ चूड़ियों ने उनके लुक में चार चांद लगा दिए. तस्वीरों में सोनम प्यार से अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आईं और उनके चेहरे का प्रेग्नेंसी ग्लो साफ दिखाई दे रहा था.
कजिन अंशुला कपूर ने सोनम और आनंद आहूजा की एक बहुत ही प्यारी कैंडिड फोटो भी शेयर की है. वहीं, कुछ अन्य तस्वीरों में वे अपने खास दोस्त डिजाइनर संदीप खोसला और पर्निया कुरैशी के साथ मस्ती करती दिख रही हैं. सोनम कपूर के बेबी शावर में सुबह से ही बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था. नाना अनिल कपूर फ्लोरल प्रिंट वाले नीले कुर्ते-पजामे में काफी जंच रहे थे, उन्होंने बड़े ही प्यार से हाथ जोड़कर पैपराजी का अभिवादन किया. वहीं सोनम की खास दोस्त करीना कपूर खान नीले रंग के एथनिक आउटफिट में बेहद खूबसूरत नजर आईं.




