व्यापार

स्टॉक मार्केट आज बंद क्यों है? जानें किस कारण के चलते नहीं होगी ट्रेडिंग

नई दिल्ली: स्टॉक मार्केट आज यानी 15 जनवरी को बंद है। बीएसई और एनएसई पर ट्रेडिंग नहीं होगी। दरअसल, महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों के कारण 15 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार में ट्रेडिंग बंद रहेगी। बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) दोनों ने इस छुट्टी के आरे में एक सर्कुलर जारी किया है। यानी आज शेयर बाजार में कोई भी खरीद-बिक्री नहीं होगी।

बीएसई (BSE) ने अपने सर्कुलर में बताया है कि 15 जनवरी को इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसिप्ट्स में ट्रेडिंग नहीं होगी। साथ ही, यह भी बताया गया है कि जिन इक्विटी डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी 15 जनवरी 2026 को होनी थी, वे अब एक दिन पहले यानी 14 जनवरी 2026 को समाप्त हो जाएंगे। इन बदलावों को कॉन्ट्रैक्ट मास्टर फाइलों में अपडेट कर दिया जाएगा। एनएसई (NSE) ने भी अपनी पिछली सूचना में बदलाव करते हुए 15 जनवरी को कैपिटल मार्केट और एफएंडओ सेगमेंट में ट्रेडिंग हॉलिडे घोषित किया।

क्यों लिया छुट्टी का फैसला

पिछले हफ्ते तक दोनों एक्सचेंजों ने 15 जनवरी को सिर्फ सेटलमेंट हॉलिडे बताया था। इससे लग रहा था कि ट्रेडिंग सामान्य रूप से चलती रहेगी। सेटलमेंट हॉलिडे आमतौर पर चुनावों या बड़े सार्वजनिक आयोजनों के दौरान घोषित किए जाते हैं, जब बैंकिंग और क्लियरिंग (लेन-देन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया) का काम रुक जाता है। चूंकि 15 जनवरी को महाराष्ट्र में सार्वजनिक अवकाश है, इसलिए ज्यादातर बैंक बंद रहेंगे। इसी वजह से एक्सचेंजों ने अपना फैसला बदला है।

साल 2026 में शेयर बाजार की छुट्टियां

इस नई छुट्टी के साथ साल 2026 में भारतीय शेयर बाजारों में कुल 16 ट्रेडिंग हॉलिडे होंगे, जिनमें वीकेंड (शनिवार-रविवार) शामिल नहीं हैं। महीने की दूसरी छुट्टी 26 जनवरी को होगी। आने वाले समय में साल की पहली छमाही में 3 मार्च को होली, 26 मार्च को रामनवमी, 31 मार्च को महावीर जयंती और 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे पर बाजार बंद रहेंगे। इसके अलावा, बाजार 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती, 1 मई को महाराष्ट्र दिवस और 28 मई को बकरीद पर भी बंद रहेंगे।

साल की दूसरी छमाही में 26 जून को मुहर्रम, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी और 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर ट्रेडिंग बंद रहेगी। इसके बाद 20 अक्टूबर को दशहरा, 10 नवंबर को दिवाली (बलिप्रतिपदा) और 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती पर भी बाजार बंद रहेंगे। साल 2026 की आखिरी बाजार छुट्टी 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button