महाराष्ट्रराष्ट्रीय

हद में रहें, ओछी राजनीति… राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में पीएम मोदी की मां पर मिमिक्री, महाराष्ट्र में घमासान

मुंबई : राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में एक कॉमेडियन द्वारा की गई टिप्पणी पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से लेकर बीजेपी के कई नेताओं ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। वहीं इंडिया गठबंधन की पार्टी उद्धव ठाकरे की यूबीटी नेता ने भी राहुल गांधी को गलत ठहराते हुए उन्हें हद दिखाई है। आनंद दुबे ने कहा कि राहुल गांधी को ध्यान रखना चाहिए कि ऐसे कॉमेडियन चंद पैसों के लिए किसी भी हद को पार कर सकते हैं। देवेंद्र फडणवीस ने भी राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें राजनीति छोड़कर कॉमेडियन बन जाना चाहिए।

‘इंदौर के कार्यक्रम में जो हुआ, ठीक नहीं’

मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों की गूंज के जरिए छात्रों से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में किया। कार्यक्रमों में शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। यह एक अच्छी बात है, लेकिन इंदौर में एक कॉमेडियन ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए जिस तरह की आपत्तिजनक हरकत की, वह उचित नहीं है।

‘मार्यादा टूटनी नहीं चाहिए’

आनंद दुबे ने कहा कि राहुल गांधी यह कह रहे हैं कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि वह व्यक्ति मंच पर कब आया। ऐसे में उन्हें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि कोई मंच का दुरुपयोग तो नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ कॉमेडियन सस्ती लोकप्रियता और पैसों के लिए किसी भी स्तर तक चले जाते हैं। ऐसे लोगों को राजनीतिक कार्यक्रमों के मंच से दूर रखा जाना चाहिए। मंच से किसी के परिवार के बारे में आपत्तिजनक बात करना उचित नहीं है। आने वाले समय में सभी राजनीतिक दलों को भी इस बात का ध्यान रखना चाहिए। यह भाजपा और कांग्रेस विपक्ष और सरकार की बात नहीं है। मर्यादा नहीं टूटनी चाहिए।

राम कदम भी भड़के

महाराष्ट्र भाजपा के विधायक राम कदम ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम को लेकर निशाना साधा है। राम कदम ने आरोप लगाए कि राहुल गांधी छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर खुद की ओछी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के उत्थान की बात करनी है, तो नीति, मेहनत और अवसरों पर चर्चा होना जरूरी है।

राहुल गांधी इस बात का कब स्वयं विचार करेंगे कि मिमिक्री से मनोरंजन हो सकता है, लेकिन देश को आगे ले जाना है और छात्रों के उत्थान की बात करनी है, तो नीति, मेहनत और अवसरों पर चर्चा होना जरूरी है।

राहुल गांधी

‘ओछी राजनीति कर रहे राहुल गांधी’

राम कदम ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने संविधान को लेकर देशभर में भ्रम फैलाया। अब उसी भ्रम की अगली कड़ी में वे छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर खुद की ओछी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “छात्रों के बीच गए हों, छात्रों के उत्थान की बात करें। राहुल गांधी को कांग्रेस दल के नेता स्वीकार नहीं रहे हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में जो भी चुनाव लड़े गए हैं, सब में करारी हार मिली है। उसके बाद इस प्रकार के मंचों का प्रयोग हो रहा है। मिमिक्री के दौरान किसी की आवाज और उसके भाषण की नकल करने से मनोरंजन हो सकता है।

Related Articles

Back to top button