हनुमान जी की परिक्रमा लगाने वाले कुत्ते के दिमाग का ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने बचाई जान

बिजनौर: यूपी के बिजनौर में पिछले दिनों एक मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति की परिक्रमा करते हुए कुत्ते का वीडियो बहुत वायरल हुआ था। स्थानीय लोगों ने इसे चमत्कार मानकर कुत्ते की पूजा अर्चना भी शुरू कर दी थी। लोग कुत्ते को चढ़ावा भी चढ़ा रहे थे। पिछले हफ्ते पशु चिकित्सक कुत्ते को नोएडा और दिल्ली के अस्पताल ले गए। पता चला उसे दिमागी दिक्कत थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी जान बचा ली है।
डॉक्टरों ने बताया कि यह कुत्ता एक न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर की वजह से गोल-गोल घूम रहा था। कुत्ता अब काफी बेहतर है और उसे वापस भेजा जा सकता है।
गांव वालों ने दिया था ‘भैरव’ नाम
इस कुत्ते को स्थानीय लोगों ने ‘भैरव’ नाम दे दिया था। कुत्ते की परिक्रमा के वीडियो कुछ कार्यकर्ताओं और पशु चिकित्सकों तक पहुंचे। उन्हें तुरंत समझ आ गया कि समस्या क्या हो सकती है। वह गांव पहुंचे और कुत्ते को तत्काल इलाज के लिए ले गए।
कुत्ते को था बैक्टीरियल संक्रमण
एक डॉक्टर ने बताया, कुत्ते का यह अजीब व्यवहार किसी आध्यात्मिक कारण से नहीं था, बल्कि बैक्टीरियल संक्रमण (कीड़े के काटने से होने वाला जीवाणु संक्रमण) के कारण था, जिससे शायद दिमागी बीमारी हुई।
गांव वालों ने करवाया विशाल भंडारा
इधर, गांव में लोगों ने कुत्ते की बेहतर सेहत के लिए विशाल भंडारे का आयोजन करवाया। ये पूरा मामला नगीना क्षेत्र के गांव नंदपुर का है। कुत्ते का इलाज नोएडा के शिवालय एनिमल सेटर में दिल्ली के डॉक्टरों के परामर्श से चल रहा है। डॉक्टरी की सलाह के आधार पर उसकी बिजनौर वापसी सुनिश्चित होगी।




