‘हम एक-दूसरे की खूबियों से सीख सकते हैं’, पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में बोले चिनफिंग

नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनपिंग के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने दोनों देशों के रिश्तों को रणनीतिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि भारत और चीन एक-दूसरे की खूबियों से सीखकर साझा विकास की ओर बढ़ सकते हैं।
चीनी राष्ट्रपति चिनफिंग सात साल बाद शनिवार को भारत आए हैं। चिनफिंग ने पीएम मोदी से सीमा संबंधी मुद्दों, व्यापार और निवेश पर बातचीत की।
एक बार फिर भारत में स्वागत
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, “आपका हार्दिक स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में आपकी सकारात्मक टिप्पणियों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान चीन से प्राप्त समर्थन और सहयोग के लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं। अब हमारे पास द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करने का अवसर है। एक बार फिर, भारत में आपका हार्दिक स्वागत है।”
क्या बोले चिनफिंग?
चीनी राष्ट्रपति चिनफिंग ने कहा कि उन्हें भारत आने का निमंत्रण उनके जन्मदिन 15 जून को मिला। हम पीएम मोदी से 21 बार मिल चुके हैं और कई महत्वपूर्ण समझौतों पर पहुंचे हैं, जिन्होंने चीन-भारत संबंधों को निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर किया है।
एक दूसरे की खूबियों से सीख सखते हैं- चिनफिंग
चिनफिंग ने आगे कहा, ‘चीन ने हमेशा भारत के साथ अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोण से देखा और विकसित किया है। हालांकि, हमारे दोनों देशों की राष्ट्रीय परिस्थितियां भिन्न हैं, फिर भी हम एक-दूसरे की खूबियों से पूर्णतः सीख सकते हैं, एक-दूसरे का समर्थन कर सकते हैं, साथ मिलकर सफलता प्राप्त कर सकते हैं और साझा विकास की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।”




