हाउसिंग बोर्ड का उपायुक्त और लिपिक 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया

सरगुजा : छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के उपायुक्त व लिपिक को 65 हजार रुपए की रिश्वत के साथ एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी उपायुक्त ने ठेकेदार से भवन निर्माण कार्यों के भौतिक सत्यापन और समायावृद्धि की अनुशंषा करने के एवज में 1 लाख रुपए की मांग की थी. एसीबी की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है.
ठेकेदार से 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग
ठेकेदार रवि कुमार ने 20 जनवरी को एसीबी उप अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ठेकेदारी का काम करता है. वर्ष 2023 में हाउसिंग बोर्ड कार्यालय संभाग अंबिकापुर से 65 लाख रुपए की लागत से बलरामपुर जिले के डौरा कोचली में नवीन तहसील कार्यालय व लुंड्रा में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 6 अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 43.51 लाख रुपए की लागत से निविदा जारी की गई थी.
इस निविदा में शामिल होकर रवि कुमार ने टेंडर हासिल किया था और वह निर्माण कार्य करा रहा था लेकिन किसी कारण से निर्माण कार्य समय पर पूर्ण नहीं हो पाया. जिसके बाद ठेकेदार ने विभाग में अंतिम समयावृद्धि व भवन के भौतिक सत्यापन के लिए आवेदन दिया था. निर्माण पूर्ण होने के बाद नवीन तहसील भवन डौरा कोचली के निर्माण कार्य का लगभग 28 लाख रुपए और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय लुण्ड्रा में 6 अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का लगभग 7.50 लाख रुपए का भुगतान छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल वृत्त अम्बिकापुर के द्वारा किया जाना था.
रवि कुमार ने शिकायत दी कि दोनों कार्यों का भौतिक सत्यापन और अंतिम समयावृद्धि की अनुशंसा करने के एवज में उपायुक्त (अधीक्षण अभियंता) छग गृह निर्माण मण्डल वृत्त अम्बिकापुर पूनम चन्द अग्रवाल ने 1 लाख रुपए के रिश्वत की मांग की.




