महाराष्ट्र

12 महीने में दो झटके, अब किस चेहरे पर दांव खेलेंगे अजित पवार ? कोकाटे के इस्तीफे के बाद NCP में 6 दावेदार

मुंबई: महाराष्ट्र में एनसीपी के कोटे से फडणवीस सरकार में मंत्री माणिकराव कोकाटे के इस्तीफे के बाद एक सीट खाली हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुखिया अजित पवार अब किसे मंत्री बनाएंगे। इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। पार्टी में मंत्री बनने के लॉबिंग भी तेज हो गई है। कोकाटे की विदाई के साथ ही पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे का नाम फिर से प्रमुखता से सामने आया था। उन्होंने दिल्ली दौरे में केंद्रीय गृह अमित शाह से मुलाकात भी की थी। मंडे ओबीसी वर्ग से आते हैं। इस्तीफा देने वाले काेकाटे मराठा नेता हैं। ऐसे में चर्चा है कि किसी मराठा को ही जगह मिलेगी। मुंडे के बारे में कहा जा रहा है कि बीड के सरपंच हत्याकांड में वाल्मीकि कराड पर लगे आरोप वापसी में बड़ा रोड़ा बन सकते हैं।


तो विपक्ष को मिल जाएगा मुद्दा

अगर धनजंय मुंडे की वापसी होती है जो विपक्ष को बैठे-बिठाए एक और हमले का मुद्दा मिल जाएगा। कोकाटे के इस्तीफे से मंत्रिमंडल में खाली हुई जगह के लिए अनिल पाटिल और संजय बंसोडे के नाम भी चर्चा में हैं। ऐसी भी अटकलें हैं कि पार्टी किसी नए चेहरे को शामिल करने पर विचार कर सकती है। अगर मराठा समुदाय के उभरते नेतृत्व को मौका दिया जाता है, तो प्रकाश सोलंके, संग्राम जगताप या सुनील शेल्के जैसे नेताओं पर विचार किया जा सकता है। हालांकि मुंडे के इस्तीफे के बाद एनसीपी ने कैबिनेट में वंजारी समुदाय का प्रतिनिधित्व खो दिया था।

पद के लिए संभावित दावेदार

  1. धनंजय मुंडे
  2. अनिल पाटिल
  3. संजय बंसोडे
  4. प्रकाश सोलंके
  5. संग्राम जगताप
  6. सुनील शेल्के

महायुति सरकार में एनसीपी की स्थिति
राज्य विधानसभा में अजित पवार की अगुवाई वाली एनसीपी के 41 विधायक हैं। महायुति सरकार में एनसीपी के पास नौ कैबिनेट मंत्री पद, एक राज्य मंत्री पद और डिप्टी स्पीकर का पद है। नौ कैबिनेट मंत्रियों में से तीन उत्तर महाराष्ट्र से, चार पश्चिमी महाराष्ट्र से और एक-एक कोंकण, विदर्भ और मराठवाड़ा से हैं। यवतमाल के इंद्रनील नाइक विदर्भ से पार्टी के एकमात्र राज्य मंत्री हैं। कोकाटे उत्तर महाराष्ट्र से हैं। पार्टी के भीतर यह मांग बढ़ रही है कि खाली पद उसी क्षेत्र को दिया जाना चाहिए। वर्तमान में बाबासाहेब पाटिल मराठवाड़ा से एनसीपी के एकमात्र कैबिनेट मंत्री हैं। मुंडे और बंसोडे सक्रिय रूप से फिर से शामिल होने की कोशिश कर रहे हैं।

लटक सकता है मंत्री का फैसला
एनसीपी के कैबिनेट प्रतिनिधित्व में वर्तमान में तीन मराठा मंत्री, दो ओबीसी से, दो खानाबदोश और गैर-अधिसूचित जनजातियों से और एक-एक अल्पसंख्यक और अनुसूचित जनजाति समुदायों से हैं। सूत्रों ने बताया कि कोकाटे के विभागों को अस्थायी तौर पर अजीत पवार संभालेंगे। स्थानीय निकाय चुनावों, खासकर जिला परिषद चुनावों के पूरा होने तक खेल और अल्पसंख्यक मामलों के विभाग उन्हीं के पास रहने की संभावना है। महाराष्ट्र में मुंबई बीएमसी समेत 29 नगर महापालिका के चुनावों का ऐलान हो चुका है। इसके लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी। 16 जनवरी को नतीजे आएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button