राष्ट्रीय

’15 दिसंबर तक विदेश नहीं जाएं’, PM मोदी ने मंत्रियों को क्यों दिया ये निर्देश?

संसद के अगले सत्र को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कैबिनेट बैठक में मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र की तैयारियां पूरी करने और इस दौरान विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी. उन्होंने सभी मंत्रियों से अपने-अपने मंत्रालयों को सत्र के लिए तैयार रखने को कहा है. 

माना जा रहा है कि सरकार आगामी सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर आगे बढ़ सकती है. हालांकि, सत्र की तारीख और अवधि पर अंतिम फैसला संसदीय कार्य संबंधी कैबिनेट समिति करेगी.

100 दिन से ज्यादा समय से सत्र का इंतजार
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बुधवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में संसद के आगामी सत्र पर चर्चा हुई. विपक्ष लगातार शीतकालीन सत्र बुलाने में हो रही देरी पर सवाल उठा रहा है. बुधवार रात तक मानसून सत्र को औपचारिक रूप से स्थगित नहीं किया गया था. संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थी और इसके बाद 100 दिन से अधिक समय बीत चुका है.

सत्र की तारीख घोषित नहीं होने से विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें भी लग रही हैं. इसकी प्रमुख वजह लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव है.

परिसीमन विधेयक पर सरकार को चाहिए दो-तिहाई बहुमत
आगामी सत्र में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किए जाने की संभावना पर नजरें टिकी हैं. यह विधेयक परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा है. 17 अप्रैल को संसद के विशेष सत्र में जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो पाया था.

विधेयक को लोकसभा में पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 361 सांसदों का समर्थन जरूरी है. 543 सदस्यीय सदन में तीन पद खाली होने के कारण फिलहाल 540 सदस्य हैं. सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पास 320 सांसद हैं. ऐसे में उसे विपक्षी दलों के अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी.

इस बीच विपक्षी खेमे से 26 सांसदों के अलग होने से राजनीतिक समीकरण बदले हैं. तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय किया है और एनडीए को समर्थन देने की बात कही है. वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए हैं.

इसके बावजूद सरकार को बहुमत के लिए अतिरिक्त समर्थन जुटाना होगा. लोकसभा में 22 सांसदों वाली डीएमके और आठ सांसदों वाली एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की भूमिका अहम हो सकती है.

राज्यों की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का फॉर्मूला
सूत्रों के मुताबिक, परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के विकल्प पर विचार कर रही है. प्रस्तावित व्यवस्था में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखने की बात है. हालांकि, इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है.

कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
संसद सत्र बुलाने में देरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा कि देश को अब तक शीतकालीन सत्र या संभावित विशेष सत्र की तारीखों की जानकारी मिल जानी चाहिए थी.

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर इशारा करते हुए सवाल किया कि दोनों नेता आखिर क्या रणनीति बना रहे हैं. रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने परिसीमन को लेकर सरकार का फॉर्मूला सार्वजनिक करने की मांग भी की. साथ ही कहा कि संसद और विधेयक को लेकर बनी अनिश्चितता के पीछे कोई गंभीर योजना हो सकती है.

एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त का मुद्दा भी उठाएगा विपक्ष
आगामी सत्र में विपक्ष मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा भी उठा सकता है. इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जा सकती है.

सत्तापक्ष के एक सांसद ने पीटीआई से कहा कि संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान तभी संभव है, जब सदन की कार्यवाही व्यवस्थित ढंग से चले.

Related Articles

Back to top button