6 मंत्रियों का राज्यसभा कार्यकाल इस साल हो रहा पूरा, बजट से पहले मोदी कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा तेज

नई दिल्ली: एक बार फिर केंद्र की एनडीए सरकार में कैबिनेट फेरबदल की चर्चा तेज हैं। कहा जा रहा है कि बजट से पहले ये हो सकता है। इसी महीने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जा सकता है जिसके बाद अगले महीने बीजेपी की नैशनल काउंसिल की मीटिंग हो सकती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद फिर बीजेपी की राष्ट्रीय टीम का भी पुनर्गठन होगा। इसमें कई नई चेहरों को जगह दी जा सकती है।
माना जा रहा है कि नितिन नवीन की टीम में पुराने चेहरों के साथ ही कई नई चेहरे भी शामिल होंगे। नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने जनरेशन शिफ्ट का जो संदेश दिया है वह कैबिनेट फेरबदल में भी दिख सकता है। इसी साल एनडीए सरकार के छह मंत्रियों का राज्यसभा कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसमें चार मंत्रियों का अप्रैल से जून के बीच और दो मंत्रियों का नवंबर में राज्यसभा का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इनमें से ज्यादातर की जगह नए मंत्री आ सकते हैं।
यूपी में कुछ दिनों पहले ही बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों की मीटिंग के बाद काफी उथल पुथल हुई और संगठन के भीतर इसकी काफी चर्चा भी हुई। ये चर्चा भी चल रही है कि इस बार कैबिनेट फेरबदल में यूपी से एक ब्राह्मण चेहरे को मंत्री पद दिया जा सकता है। इसके लिए राज्यसभा के एक तेजतर्रार वक्ता का नाम भी लिया जा रहा है। जेडीयू कोटे से भी एक मंत्री और बनाए जाने की संभावना है। साथ ही एनसीपी से भी एक नेता को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। एनसीपी के जिन नेता का नाम लिया जा रहा है उनके बारे में कहा जाता है कि उन्हें पहले भी कैबिनेट में शामिल किया जा रहा था लेकिन उन्होंने इंडिपेंडेंट चार्ज लेने से मना कर दिया था।




