सूरजकुंड मेले में टूटा झूला, इंस्पेक्टर की मौत, 12 से ज्यादा लोग जख्मी

फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड मेले से बुरी खबर सामने आई है. सूरजकुंड मेले में दूसरा हादसा देखने को मिला है. पहले गेट गिरने से दो लोग घायल हो गए. अब झूला टूटने से करीब 13 लोग जख्मी हुए हैं. फिलहाल सभी को फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटनास्थल के आसपास का मेला ग्राउंड खाली करा लिया गया है. लोगों को बचाते वक्त एक इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जिसने बाद में दम तोड़ दिया. सभी घायलों को आनन फानन में नजदीक के निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया. फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को बैरिकेट कर दिया है. मौके पर जिला उपायुक्त, पुलिस कमिश्नर समेत आलाधिकारी पहुंच गए हैं.
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घटना पर दु:ख जाताया है. उन्होंने कहा है कि फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं. इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. साथ ही, घायल हुए लोगों के समुचित और तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं. हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों व उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है.
क्या बोले डीसी
सूरजकुंड में हुए हादसे को लेकर डीसी आयुष सिंह ने बताया है कि पलवल में तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की बचाव कार्य के दौरान मौत हो गई. हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की मौत हुई है. झूला शाम 6.15 बजे के आसपास गिरा था. हादसे की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है. डीसी का दावा है कि झूले का रोज इंस्पेक्शन होता था.




