‘विदेश भेजने के नाम पर’ ठगी…

हर कोई चाहता है कि वह अच्छे पैसे कमाए और बेहतर जीवन जीए। इसी आशा में सुखद भविष्य के सपने संजोकर अनेक युवा किसी भी तरह विदेश पहुंचने की कोशिश करते रहते हैं। इसी जुनून में अनेक युवक जालसाज एजैंटों द्वारा लगातार ठगे जा रहे हैं जिनकी पिछले तीन महीनों की घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :
* 7 नवम्बर, 2025 को ‘तिरुवनंतपुरम’ (केरल) में ‘काजाकोटम’ की पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर जरूरतमंदों से 25 लाख रुपए ठग लेने के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार किया।
* 1 दिसम्बर, 2025 को दिल्ली पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपए ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करके एक सहायक बैंक मैनेजर सहित 3 आरोपी गिरफ्तार किए।
* 19 दिसम्बर, 2025 को ‘करौली’ (राजस्थान) में 4 जरूरतमंदों को मलेशिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 6.4 लाख रुपयों की ठगी करने के आरोप में ट्रैवल एजैंट ‘तख्त सिंह’ को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
* 1 जनवरी, 2026 को ‘देवरिया’ (उत्तर प्रदेश) में ‘अभिजीत पांडे’ नामक व्यक्ति को ‘सऊदी अरब’ में ड्राइवर की नौकरी दिलवाने का झांसा देकर उससे 1.25 लाख रुपए ठगने के आरोप में ट्रैवल एजैंट ‘नासिर अली’ के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज किया।
* 26 जनवरी, 2026 को ‘कपूरथला’ (पंजाब) के गांव ‘किशन सिंह वाला’ में एक दम्पति को विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे 12.50 लाख रुपए ठग लेने के आरोप में पुलिस ने एक महिला सहित 4 ट्रैवल एजैंटों के विरुद्ध केस दर्ज किया।
* 27 जनवरी, 2026 को ‘फतेहपुर’ (उत्तर प्रदेश) में एक महिला ने ‘सिठियानी’ गांव के ठग ट्रैवल एजैंट ‘रामशरण’ के विरुद्ध पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत में आरोप लगाया कि ‘रामशरण’ ने उसके 2 भाइयों को विदेश भेजने का झांसा देकर उससे 4 लाख रुपए ठग लिए।
* 4 फरवरी, 2026 को ‘जालंधर’ (पंजाब) में थाना नई बारादरी की पुलिस ने 3 ट्रैवल एजैंटों के विरुद्ध एक व्यक्ति को कनाडा भेजने का झांसा देकर उससे 10 लाख रुपए ठगने के आरोप में केस दर्ज किया।
* 4 फरवरी, 2026 को ही ‘लुधियाना’ में एक युवक को आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर उससे 5.82 लाख रुपए की ठगी मारने के आरोप में 2 महिलाओं सहित 7 ठग ट्रैवल एजैंटों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया।
* 5 फरवरी, 2026 को ‘गुरदासपुर’ (पंजाब) के थाना ‘धारीवाल’ की पुलिस ने एक व्यक्ति को इंगलैंड भेजने का झांसा देकर उससे 13.65 लाख रुपए ठग लेने के आरोप में ‘गुरकंवल सिंह’ के विरुद्ध केस दर्ज किया।
* 6 फरवरी, 2026 को ‘टांडा-उड़मुड़’ (पंजाब) के गांव ‘वियानी’ के एक व्यक्ति को अमरीका भेजने का झांसा देकर उससे साढ़े 7 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने ‘सुरजीत सिंह’ के विरुद्ध केस दर्ज किया।
* 6 फरवरी, 2026 को ही ‘लुधियाना’ (पंजाब) में विदेश भेजने का झांसा देकर एक युवक से ट्रैवल एजैंट ने 26 लाख रुपए ठग लिए जिससे आहत होकर उसने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली।
* 6 फरवरी, 2026 को ही ‘अमृतसर’ (पंजाब) में ‘आस्ट्रेलिया’ भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से 28 लाख रुपए की ठगी मारने के आरोप में पुलिस ने एक ट्रैवल एजैंट के विरुद्ध केस दर्ज किया।
ऐसी ही घटनाओं के दृष्टिïगत विदेश मंत्रालय ने युवाओं से अपील की है कि उन्हें विदेश में नौकरी दिलाने के फर्जी प्रस्तावों के झांसे में नहीं आना चाहिए तथा रजिस्टर्ड भर्ती एजैंटों से ही संपर्क करना चाहिए। वैसे भी विदेश जाने की इच्छा रखने की बजाय बेहतर होगा कि जितनी रकम माता-पिता अपने बच्चों को विदेश भेजने पर खर्च करते हैं, उतनी ही रकम भारत में खर्च करके वे उन्हें कोई कारोबार शुरू करवा दें।




