छत्तीसगढ़

खेल विभाग ने पिछले 8 सालों से नहीं की उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा, खिलाड़ियों ने विस अध्यक्ष से मुलाकात कर लगाई गुहार

रायपुर। राज्य के खेल विभाग की बेरुखी का यह हाल है कि पिछले आठ सालों से उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन और घोषणा तक नहीं कर सका है। इस बीच प्रदेश में सरकार भी बदल गई और नई भाजपा सरकार में खेल मंत्री का प्रभार भी डिप्टी सीएम को चला गया। बावजूद इसके उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा की तरफ विभाग ने ध्यान भी नहीं दिया। कई बार राष्ट्रीय स्तर के खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद भी खिलाड़ी इससे वंचित हैं। इस उपेक्षा से आहत होकर खिलाड़ियों ने विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह से मुलाकात कर जल्द से जल्द उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन और घोषणा की मांग की है।

बता दें कि खेल विभाग के द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में से उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया जाता है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर अपना स्थान बनाने वाले खिलाड़ियों के नामों पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग विचार कर उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा करता है। पर पिछले 8 सालों से उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने नहीं की है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों द्वारा कई बार प्रदर्शन कर मांग भी की गई है, पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कानों में जूं तक नहीं रेंगी।

राज्य के सभी पदक विजेता खिलाड़ियों द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने की मांग को लेकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर के संचालक और उप संचालक रश्मि ठाकुर से मुलाकात कर इस विषय में चर्चा की गई थी। जिस पर उनके द्वारा यह जानकारी दी गई कि सभी विभागीय प्रक्रिया पूरी हो चुकी है एवं शासन स्तर पर अंतिम निर्णय जल्द ही होने की उम्मीद है।

इस विषय में सभी खिलाड़ियों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर जल्द से जल्द उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा सरकार से करवाने की मांग की गई। जिस पर विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने गंभीरता दिखाते हुए जल्द से जल्द उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा करने का आश्वासन दिया है।

इस संबंध में नेशनल खिलाड़ी मोहन राव ने जानकारी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के सभी पदक विजेता खिलाड़ी उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के इंतजार में हैं एवं इस विषय पर अंतिम निर्णय की जानकारी लेने के लिए उन्होंने खेल संचालक और उप संचालक से मुलाकात की थी। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह से भी मुलाकात कर अपनी मांग दोहराई।

नेशनल खिलाड़ी मोहन राव ने बताया कि पिछले 8 सालों से उत्कृष्ट खिलाड़ी की घोषणा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा नहीं होने से खिलाड़ियों में हताशा का भाव आने लगा है एवं सभी खिलाड़ी बेसब्री से उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा होने के इंतजार में हैं। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा उनकी मांगों को गंभीरता से लिया गया है और जल्द से जल्द उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करवाने का आश्वासन उन्हें दिया गया है, जिससे वे आशान्वित हैं। मोहन राव ने यह भी बताया कि विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले वे इस विषय में मुख्यमंत्री और खेल मंत्री से भी मुलाकात करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button