अन्य खबरें

‘यहां शादीशुदा मर्द हैं, ढंग के कपड़े पहनो’, जिम में स्पोर्ट्स ब्रा पहनने पर महिला को दी गई नसीहत!

जिम एक ऐसी जगह है जहां लोग अपनी सेहत बनाने और पसीना बहाने जाते हैं, लेकिन ब्राजील के साओ जोस डॉस कैंपोस (Sao Jose dos Campos) में एक महिला के साथ जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया है. पेशे से इंजीनियर पोलियाना फ्रिगी (Poliana Frigi) को उनके जिम ‘जॉन बॉय एकेडेमिया’ में सिर्फ इसलिए टोक दिया गया, क्योंकि उन्होंने एक नामी ब्रांड की स्पोर्ट्स ब्रा पहनी हुई थी. रिसेप्शनिस्ट ने उन्हें ढंग के कपड़े पहनने और शरीर को ढकने की सलाह देते हुए जो तर्क दिया, वह बेहद चौंकाने वाला था. पोलियाना को बताया गया कि जिम में ‘शादीशुदा मर्द’ मौजूद हैं और उनके कपड़ों की वजह से माहौल खराब हो सकता है. इस घटना के बाद पोलियाना ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द शेयर किया है, जो अब पूरी दुनिया में वायरल हो रहा है.

पोलियाना ने बताया कि वह हमेशा की तरह वर्कआउट करने पहुंची थीं, तभी रिसेप्शनिस्ट ने उन्हें रोककर पूछा कि क्या उन्होंने सिर्फ ब्रा पहनी है. पोलियाना ने तुरंत सफाई दी कि यह एक स्पोर्ट्स ब्रा है और उन्होंने फैब्रिक और ब्रांड का लोगो भी दिखाया. लेकिन रिसेप्शनिस्ट का कहना था कि कुछ लोगों ने इसकी स्ट्रैप (पट्टी) बहुत पतली होने की शिकायत की है. इसके बाद रिसेप्शनिस्ट ने जो कहा, उसने पोलियाना को सदमे में डाल दिया. उसने पूछा, ‘क्या आपके पास ऊपर से पहनने के लिए कोई टी-शर्ट है? यहां शादीशुदा मर्द हैं और आपके लिए यह सही नहीं लगेगा, खासकर आपकी अपनी सुरक्षा के लिए.’ पोलियाना ने टी-शर्ट पहनने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह जिम के कपड़ों में ही वर्कआउट करेंगी. इस बहस के बाद पोलियाना को वर्कआउट के दौरान बहुत असहज महसूस होने लगा.

वे कहती हैं, ‘मैं शीशे में खुद को देखने लगी और सोचने लगी कि क्या मेरी स्पोर्ट्स ब्रा वाकई छोटी है? क्या कुछ गलत दिख रहा है? मुझे खुद के बारे में बुरा महसूस होने लगा.’ बाद में वे अपने बॉयफ्रेंड के साथ दोबारा रिसेप्शन पर पहुंचीं और मैनेजर का नंबर मांगा, लेकिन रिसेप्शनिस्ट ने नंबर देने से मना कर दिया और दावा किया कि उसका टोकना जिम की पॉलिसी के अनुसार ही था. पोलियाना का कहना है कि समस्या महिलाओं के कपड़ों में नहीं, बल्कि समाज की सोच और दूसरों के व्यवहार में है. वे अब दोबारा उस जिम में कभी नहीं जाना चाहतीं. कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि जिम और रिसेप्शनिस्ट दोनों पर हैरेशमेंट के आरोप लग सकते हैं. वकील राकेल मारकोंडेस ने मीडिया को बताया कि जिम एक निजी स्थान जरूर है और वहां नियम हो सकते हैं, लेकिन वे नियम कॉन्ट्रैक्ट में लिखे होने चाहिए और सदस्यों को पहले से इसकी जानकारी होनी चाहिए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button