सुनेत्रा पवार को बारामती से निर्विरोध जिताएं, महाराष्ट्र सीएम की अपील

मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे बड़े दिल का परिचय देते हुए सुनेत्रा पवार को निर्विरोध चुने जाने का समर्थन करें, लेकिन कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह उम्मीदवार उतारेगी। इस सिलसिले में सुनेत्रा पवार ने शनिवार को उद्धव ठाकरे से बात की है। दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने स्पष्ट किया है कि पार्टी बारामती और राहुरी दोनों उपचुनाव में पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। एक-दो दिनों में इस पर फैसला लिया जाएगा। दोनों सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
नागपुरमें मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अजित पवार के आकस्मिक निधन से बारामती सीट रिक्त हुई है। ऐसे में संवेदनशीलता और राजनीतिक परंपरा का पालन करते हुए उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को निर्विरोध चुना जाना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि आरआर पाटील के निधन के बाद उनकी पत्नी सुमन पाटील को भी सर्वदलीय सहमति से निर्विरोध चुना गया था। बताया जा रहा है कि सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को नामांकन दाखिल कर सकती है।
देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा
देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा पवार को महायुति की उम्मीदवार के तौर पर पक्का किया और विपक्ष से गुज़ारिश की कि वे दिवंगत उपमुख्यमंत्री के सम्मान में उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करें। उन्होंने फिर दोहराया कि ऐसा कदम महाराष्ट्र की उस राजनीतिक परंपरा को कायम रखेगा, जिसके तहत किसी दिवंगत नेता के परिवार के खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारा जाता। साथ ही यह अजित पवार के इस निर्वाचन क्षेत्र और राज्य के लिए दिए गए योगदान का सम्मान करते हुए गरिमा भी बनाए रखेगा।
संजय राउत के ऐलान के बाद फडणवीस का बयान
यह अपील शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और पार्टी सांसद संजय राउत के मुंबई में यह घोषणा करने के कुछ ही घंटों बाद आई कि पार्टी बारामती उपचुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी। NCP नेता सुनेत्रा पवार ने भी उद्धव ठाकरे से बात की और निर्विरोध चुनाव के लिए समर्थन मांगा। शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP ने भी इसी तरह का रुख अपनाने का संकेत दिया है। महाराष्ट्र NCP प्रमुख सुनील तटकरे ने भी महायुति और महा विकास अघाड़ी, दोनों ही गठबंधनों की सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील की कि वे सहयोग करें ताकि बारामती उपचुनाव निर्विरोध संपन्न हो सके।
उद्धव ठाकरे से सुनेत्रा पवार ने मांगा समर्थन
सुनेत्रा पवार ने इस चुनाव को निर्विरोध कराने के लिए उद्धव ठाकरे से भी फोन पर बातचीत की है। इस घटनाक्रम की पुष्टि शिवसेना (यूबीटी) के सचिव और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) मिलिंद नार्वेकर और पार्टी नेता संजय राउत ने की। संजय राउत ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने शुक्रवार को उद्धव ठाकरे को फोन किया था। बारामती उपचुनाव पर चर्चा हुई। उन्होंने यह भी कहा कि ठाकरे एक संवाददाता सम्मेलन करेंगे और इस संबंध में अपने फैसले की घोषणा करेंगे।




