मुकुल चौधरी के नाम दर्ज हुआ महारिकॉर्ड, आईपीएल इतिहास में कोई भारतीय नहीं कर पाया ऐसा

नई दिल्ली: कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच में लखनऊ सुपरजायंट्स के मुकुल चौधरी अपनी मैच विनिंग पारी से रातों रात हीरो बन गए हैं. इस मैच से पहले मुकुल चौधरी एक गुमनाम खिलाड़ी थे, लेकिन लखनऊ के लिए उन्होंने 7वें नंबर बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को एक रोमांचक जीत दिलाई. मैच में मुकुल 54 रन बनाकर नाबाद रहे. अपनी इस पारी में उन्होंने 27 गेंद का सामना किया, जिसमें 7 छक्के और 2 चौके शामिल रहे.
इस मैच जिताऊ पारी के साथ ही मुकुल ने आईपीएल में एक ऐसा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज लिस्ट में भी नहीं हैं. मुकुल आईपीएल में एक सफल रनचेज करते हुए अंतिम के 5 ओवर में 50 रन बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. मुकुल पारी के 13वें ओवर की अंतिम गेंद पर अब्दुल समद के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे थे. उसके बाद 15 ओवर की समाप्ति तक वह 2 गेंद ही खेल पाए, जिसमें उन्होंने 1 रन बनाया. अगली 8 गेंद तक मुकुल के खाते में सिर्फ 2 रन था, लेकिन उसके बाद उन्होंने जो किया वह इतिहास बन गया.




