उन्नाव, चित्रकूट और प्रयागराज में तीन घरों में लगी भीषण आग, 3 बच्चियों की जलकर मौत

कानपुर। उन्नाव व चित्रकूट में घरों में लगी आग की चपेट में आकर दो बच्चियों की जलकर मौत हो गई। चित्रकूट में शिवकुमार के घर गुरुवार को शार्ट-सर्किट से आग लग गई। जिसमें मासूम की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई।
उन्नाव में संदीप कुमार की पत्नी लक्ष्मी मंगलवार को अपनी तीन साल की बेटी लाडो को घर में सुलाकर मोहल्ले में ही छठी कार्यक्रम में शामिल होने गई थी, तभी मोमबत्ती लुढ़ककर गिरने से आग लगी।
ग्रामीणों ने आग बुझाई व गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर प्रयागराज के एयरपोर्ट क्षेत्र के इंगुआ उर्फ काठगांव निवासी राम सिंह रैदास ने गांव की आबादी से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में घास फूस और प्लास्टिक की पन्नी का छप्परनुमा घर बनवा रखा था।
गुरुवार को दोपहर करीब तीन बजे संदिग्ध परिस्थितियों में छप्पर में आग लग गई। बच्ची सोना की जलकर मौत हो गई। वहीं गाजियाबाद के साहिबाबाद में गुरुवार दोपहर कबाड़ के डेढ़ दर्जन गोदाम और 150 झुग्गियां जलकर राख हो गईं।
झुग्गियों में रखे 50 से अधिक छोटे व बड़े गैस सिलिंडर धमाकों के साथ फटने से दहशत फैल गई। दमकल की 22 गाड़ियों की मदद से साढ़े तीन घंटे में आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लोगों का लाखों रुपये का सामान स्वाहा हो गया। पास में एक शेल्टर होम में सात कुत्तों की जलकर मौत हो गई।
चित्रकूट के जंगलों में पांच किमी तक फैली आग
रानीपुर टाइगर रिजर्व के जंगलों में गुरुवार सुबह 11 बजे लगी आग उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जंगलों में पांच किलोमीटर के दायरे में फैल गई है। लगभग 44 घंटे से आग फैलती ही जा रही है। तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है।




