मध्यप्रदेश

बारातियों से भरी कार दुर्घटनाग्रस्त, 6 मौतें; खुशियां मातम में बदली

बड़वानीः मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में खंडवा-वडोदरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार एक भीषण सड़क हादसे में बारातियों से भरी कार और टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो जाने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने बताया कि जुलवानिया थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा से करीब 100 मीटर दूरी पर यह हादसा हुआ।

बारातियों से भरी कार की टक्कर एक खाली फ्यूल टैंकर से हो गई, जिससे कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में साकड़ निवासी 25 वर्षीय सचिन वास्कले, सालखेड़ा निवासी 25 वर्षीय प्रद्युम्न सहते, लिंबई निवासी 29 वर्षीय पप्पू और रालामंडल निवासी 25 वर्षीय आकाश की मौके पर ही मृत्यु हो गई। अन्य घायलों को तत्काल जुलवानिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया।

घायलों में शामिल 30 वर्षीय यशवंत और 28 वर्षीय सोहन बघेल ने बड़वानी के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी लोग ग्राम रुई में कैलाश चौहान के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे और जुलवानिया से वापस लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में कार सवारों के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में मशीनों की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर बहाल कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button