कुलसचिव से मारपीट करने वाले 2 गिरफ्तार…

बिलासपुर. तोरवा थाना क्षेत्र में ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद में अटल बिहारी विश्वविद्यालय के करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तारणीश गौतम प्रार्थी 23 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे अपने घर से विश्वविद्यालय जाने के लिए निजी कार से निकले थे. स्वास्तिक अस्पताल के पास पहुंचने पर फाच्यूनर वाहन (क्र. सीजी 10, एटी-0017) के चालक और उसके साथी ने ओवरटेक की बात पर विवाद करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की. घटना की रिपोर्ट पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत धारा 296, 351 (3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ कार्यालय से वाहन की जानकारी जुटाई. जांच में वाहन मस्तुरी निवासी के नाम पर पंजीकृत पाया गया. पूछताछ के दौरान वाहन स्वामी ने बताया कि घटना उसके साले द्वारा की गई थी. इसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों-लाखन सिंह (32) एवं जयप्रकाश राठौर (29), निवासी ग्राम भदौरा थाना मस्तुरी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अभद्रता या अमर्यादित व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
IPL मैच में ऑनलाइन सट्टा खिलाते आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा खिलाते एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है. मोबाइल ऐप के जरिए RCB vs GT मैच पर सट्टा लगाया जा रहा था. सूचना पर पुलिस ने आरोपी को नयापारा चौक से धरदबोचा. उसका एक साथी फरार है. पूछताछ में आरोपी ने 20 हजार रुपए लेकर सट्टा खिलाने की बात कबूली. सट्टे की रकम ऑनलाइन मुख्य आरोपी अज्जू भगतानी को भेजी जाती थी. चकरभाठा थाना में जुआ एक्ट और BNS की धाराओं में मामला दर्ज किया है. फिलहाल अज्जू भगतानी और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
सरगांव. नगर पंचायत सरगांव के वार्ड क्रमांक 2 मौहार पारा में शुक्रवार को एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मिली जानकारी के अनुसार, मृतक नेतराम साहू 40 वर्ष, पिता बिहारी साहू, दोपहर में भोजन करने के बाद अपने कमरे में चला गया था. करीब एक घंटे बाद उसकी पत्नी योगेश्वरी ने खिड़की से देखा तो वह कमरे के अंदर छत में लगे हुक से रस्सी के सहारे लटका हुआ था. परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मृतक के भाई कुमार साहू की रिपोर्ट पर थाना में मर्ग कायम कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बताया गया है कि मृतक कृषि कार्य से जुड़ा हुआ था. आत्महत्या के कारणों का पता फिलहाल नहीं चल पाया है.
हाइवा की चपेट में आने से मासूम की मौत
बिलासपुर. पचपेड़ी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई. पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी सुरेश शुक्ला अपने परिवार के साथ ग्राम रिस्दा आए हुए हैं. उनके साथ उनका 5 वर्षीय पुत्र सतीश शुक्ला भी आया था. शुक्रवार दोपहर 1:15 बजे सतीश घर से पैसे लेकर पास की दुकान में कुछ खाने का सामान लेने के लिए पैदल निकला था. इसी दौरान हाइवा क्र. सीजी-10, बीयू-8567 की चपेट में आ गया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
टेंट हाउस गोदाम जलकर खाक
जांजगीर-चांपा. आधी रात को चांपा के टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई. घटना में लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. बताया जा रहा कि चांपा के वार्ड क्रमांक 4 बड़े मठ मंदिर के पीछे स्थित पाठक टेंट हाउस के गोदाम में देर रात करीब 12:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. टेंट संचालक के अनुसार मोहल्ले में कुछ लोग पटाखा चला रहे थे, जो आगजनी का कारण हो सकता है. इस भीषण आग में करीब 25 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया. जिसमें नए परदे, कुर्सियां, सोफा, डिनर सेट, प्लेट, लाइटिंग सामग्री और सजावटी कॉस्मेटिक आइटम शामिल हैं. मौके पर चांपा तहसीलदार प्रशांत पटेल भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. चांपा थाना पुलिस और प्लांट से पहुंचे दमकल कर्मियों ने मिलकर हालात को नियंत्रित किया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. चांपा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
फायर बिग्रेड नहीं होने पर आक्रोश
चांपा में आगजनी की घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी. जल्द ही फायर बिग्रेड की मांग की गई, लेकिन नगर पालिका के पास फायर बिग्रड नहीं होने के कारण प्लांट से दमकल की मांग की गई. औपचारिकता के चलते जिसके पहुंचने में देर लगा. इससे शहरवासियों में आक्रोश बढ़ गया और शहर में एक भी दमकल नहीं होने की भड़ास प्रशासन पर निकालने लगे.
खरीदार बनकर पहुंची महिलाओं ने पार किया साढ़े 4 लाख का सोना
कोरबा. निहारिका क्षेत्र में संचालित एक सराफा दुकान में ग्राहक बनकर पहुंची तीन महिलाओं ने साढ़े 4 लाख कीमती आभूषणों की चोरी कर ली. संचालक व स्टाफ को बातों में उलझाकर उन्होंने दो चेन व दो लॉकेट को पार कर दिया. इसकी भनक संचालक को लगती, तब तक महिलाएं फरार हो चुकी थी. संचालक के अनुसार दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज के साथ घटना की शिकायत सिविल लाइन थाना में की है.
सिविल लाइन थाना रामपुर अन्तर्गत निहारिका में अखिल कुमार देवांगन द्वारा दिव्या ज्वेलर्स का संचालन किया जाता है. संचालक ने बताया कि शुक्रवार की लगभग दोपहर 12 बजे तीन अज्ञात महिलाएं खरीदार बनकर दुकान में पहुंची थी. पहले उन्होंने स्टाफ को सोने का लॉकट दिखाने को कहा, जिसके बाद उन्होंने चेन दिखाने की बात कही. उनके कहने पर उन्हें लॉकेट व चेन दिखाया गया. इस बीच महिलाओं ने दो चेन व दो लॉकेट को बड़ी सफाई से पार कर दिया. संचालक के अनुसार महिलाओं ने 28 ग्राम वजनी व साढ़े 4 लाख कीमती स्वर्णाभूषण की चोरी की है. महिलाओं के जाने के लगभग 5 मिनट बाद संचालक को संदेह हुआ तब तक महिलाएं फरार हो चुकी थी. संचालक ने सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस ने शिकायत की है. मामले में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है.
पुलिस ने किया था अलर्ट
असली बताकर नकली सोना खपाने वाले गिरोह की सक्रियता को लेकर पुलिस ने गत दिनों अलर्ट जारी किया था. इस बीच ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं ने सराफा दुकान में घटना को अंजाम दिया है. इस घटना से सबक लेते हुए सराफा कारोबारियों को सतर्क रहने की जरूरत है.




