राजनीति

तीन पूर्व दिग्गज मुख्यमंत्रियों का जन्मदिन , बेहद संघर्ष भरा रहा है राजनीतिक जीवन

नई दिल्ली: देश में 3 मई का दिन बेहद खास है क्योंकि, इसी दिन तीन दिग्गज पूर्व मुख्यमंत्रियों का जन्म हुआ है। इन तीनों में सबसे पहले राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत , फिर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और फिर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल हैं। तीनों ही नेता अपने कार्यकाल में जमीनी नेता माने जाते थे। जनता के बीच अच्छी पकड़ थी।

अशोक गहलोत को तो राजस्थान की राजनीति का जादूगर भी कहा जाता है। वहीं उमा भारती हिंदुत्व छवि वाली फायर ब्रांड नेता मानी जाती हैं। वहीं, रघुवर दास भी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से लंबे समय से जुड़े हुए थे। तो चलिए इन तीन नेताओं के राजनीतिक जीवन के बारे में हम आपलोगों को विस्तार से बताते हैं।

अशोक गहलोत

  • राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत का जन्मदिन 3 मई को है। 3 मई 1951 को जन्मे, गहलोत राजस्थान की राजनीति में अपनी सादगी और जमीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं।
  • जिन्होंने तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया है। राजनीति में अपनी गहरी समझ और सूझबूझ के कारण उन्हें ‘राजनीति का जादूगर’ भी कहा जाता है।
  • वे जोधपुर लोकसभा क्षेत्र से पांच बार (1980, 1984, 1991, 1996 और 1998) सांसद चुने गए उन्होंने केंद्र सरकार में इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और पी.वी. नरसिम्हा राव के प्रधानमंत्रित्व काल में केंद्रीय मंत्री के रूप में भी कार्य किया है।
  • वे तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे हैं। जिसमें 1998 से 2003 तक पहली बार जबकि दूसरी बार 2008 से 2013 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे और 2018 से 2023 तक फिर से मुख्यमंत्री रहे।

उमा भारती

उमा भारती का जन्म 3 मई 1959 को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के डूंडा ग्राम में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने केवल छठी कक्षा तक स्कूली शिक्षा प्राप्त की, लेकिन बचपन से ही उनकी रुचि धार्मिक ग्रंथों और महाकाव्यों में रही है। वे एक साध्वी हैं और सदैव भगवा वस्त्र धारण करती हैं। उमा भारती 8 दिसंबर 2003 से 23 अगस्त 2004 तक मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं। हुबली दंगों के संबंध में गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान उन्होंने जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री (2014-2017) और बाद में पेयजल और स्वच्छता मंत्री (2017-2019) के रूप में कार्य किया। वे पहली बार 1989 में खजुराहो से सांसद चुनी गईं और 1991, 1996 और 1998 में भी इसी सीट से विजयी रहीं। 1999 में उन्होंने भोपाल और 2014 में झांसी सीट से लोकसभा चुनाव जीता।

उमा भारती ने 1990 के दशक में राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका नारा “राम-लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे” बहुत लोकप्रिय हुआ था। वे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से जुड़ी रही हैं, हालांकि 2005 में अनुशासनहीनता के कारण उन्हें निष्कासित किया गया था, जिसके बाद उन्होंने ‘भारतीय जनशक्ति पार्टी’ बनाई। 2011 में वे पुनः बीजेपी में लौट आईं।

रघुवर दास

  • रघुवर दास भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक वरिष्ठ राजनेता हैं, उनका जन्म 3 मई 1955 को जमशेदपुर में हुआ था। इन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री और ओडिशा के राज्यपाल के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।
  • वे झारखंड के छठे मुख्यमंत्री थे और राज्य के इतिहास में अपना 5 साल का कार्यकाल (2014-2019) पूरा करने वाले पहले मुख्यमंत्री बने। वे झारखंड के पहले गैर-आदिवासी मुख्यमंत्री भी हैं।
  • अक्टूबर 2023 में उन्हें ओडिशा का 26वां राज्यपाल नियुक्त किया गया था। हालांकि, दिसंबर 2024 में उन्होंने सक्रिय राजनीति में लौटने की इच्छा व्यक्त करते हुए इस पद से इस्तीफा दे दिया।

प्रारंभिक जीवन और शिक्षा

  • उनका जन्म 3 मई, 1955 को जमशेदपुर में हुआ था। उन्होंने जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज से बी.एससी. (B.Sc.) और एल.एल.बी. (LLB) की पढ़ाई पूरी की। राजनीति में आने से पहले वे टाटा स्टील में कर्मचारी थे।
  • जमशेदपुर पूर्व विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे।2009-2010 में झारखंड के उप-मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।दो बार बीजेपी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर रहे।

Related Articles

Back to top button