बिना OTP और कॉल के भी कैसे खाली हो रहा बैंक अकाउंट? सरकार ने बताया बचने का सीक्रेट तरीका

आजकल साइबर ठग इतने चालाक हो चुके हैं कि अब वे लोगों को बिना किसी कॉल या OTP के भी चूना लगा रहे हैं. कई मामलों में लोगों को पता भी नहीं चलता और उनके बैंक अकाउंट से पैसे गायब हो जाते हैं. इसी बढ़ते खतरे को देखते हुए सरकार ने लोगों को अलर्ट किया है और सतर्क रहने की सलाह दी है.
यह नया स्कैम AEPS यानी आधार आधारित पेमेंट सिस्टम से जुड़ा है. इसमें फेस ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल किया जाता है जो आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है. लेकिन अब साइबर अपराधी इसी सुविधा का गलत फायदा उठा रहे हैं. वे किसी व्यक्ति की फोटो और AI तकनीक की मदद से उसकी पहचान को नकली तरीके से तैयार कर लेते हैं और फिर उसी के जरिए पैसे निकाल लेते हैं. इस पूरे प्रोसेस में न तो किसी OTP की जरूरत पड़ती है और न ही पीड़ित को कोई कॉल आता है. यही वजह है कि लोग समय रहते इस फ्रॉड को समझ ही नहीं पाते.
इस तरह की ठगी में अपराधियों को सिर्फ आपकी एक फोटो और कुछ बुनियादी जानकारी की जरूरत होती है. AI टूल्स की मदद से वे चेहरे की पहचान सिस्टम को धोखा दे देते हैं. इसके बाद AEPS के जरिए बैंक अकाउंट से पैसे निकाल लिए जाते हैं. यह तरीका तेजी से बढ़ रहा है और काफी खतरनाक भी साबित हो रहा है.
इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए सबसे जरूरी है जागरूकता. अगर आप सतर्क रहेंगे तो इस खतरे से काफी हद तक बच सकते हैं. अपने आधार से जुड़े बायोमैट्रिक डेटा को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है. इसके लिए आप आधार से जुड़े ऐप के जरिए बायोमैट्रिक लॉक फीचर को प्रोसेस कर सकते हैं ताकि कोई भी आपकी जानकारी का गलत इस्तेमाल न कर सके. अगर आपको जरूरत हो तो ही अस्थायी रूप से इसे अनलॉक करें और काम पूरा होने के बाद दोबारा लॉक कर दें. यह एक छोटा कदम है लेकिन आपकी सुरक्षा के लिए बेहद अहम है.
अगर आप इस सुविधा का इस्तेमाल नहीं करते हैं तो बेहतर है कि अपने बैंक से संपर्क करके इसे बंद करवा दें. इससे आपके अकाउंट पर एक अतिरिक्त सुरक्षा परत जुड़ जाएगी और ठगों के लिए रास्ता बंद हो जाएगा.
अगर कभी आपके साथ इस तरह की कोई घटना हो जाती है, तो समय गंवाए बिना तुरंत कार्रवाई करना जरूरी है. आप साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कर सकते हैं.
इसके अलावा अपने बैंक को भी तुरंत सूचना दें ताकि आगे का नुकसान रोका जा सके. तकनीक जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है उतनी ही तेजी से साइबर अपराध भी बढ़ रहे हैं. ऐसे में सतर्क रहना और सही जानकारी रखना ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है.




