उत्तरप्रदेश

लखनऊ, प्रयागराज समेत 25 जिलों में लू चलने का अलर्ट, एक हफ्ते तक बारिश के आसार नहीं

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में लू का कहर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले एक हफ्ते तक गर्म हवाओं का दौर बना रहेगा। कम से कम एक हफ्ते तक बारिश की संभावना नहीं है। दो दिन में एक से दो डिग्री तक तापमान में बढ़ोत्‍तरी हो सकती है। कहीं-कहीं हल्‍की बारिश के आसार भी हैं। लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी समेत 25 जिलों में लू चलने का यलो अलर्ट जारी हुआ है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्‍ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार से लखनऊ में भी लू का असर दिखाई देगा। लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री और न्‍यूनतम 29.8 डिग्री दर्ज किया गया।


बांदा रहा सबसे गर्म जिला

शुक्रवार को बांदा 43.2 डिग्री के साथ पूरे यूपी में सबसे गर्म स्‍थान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी के जिलों में दिन का तापमान सामान्‍य से 3 से 5 डिग्री तक ऊपर चल रहा है। राहत की बात यह है कि आगामी 20 जून तक तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। रात के तापमान में सामान्‍य से 1 से 3 डिग्री तक बढ़ोत्‍तरी देखी जा रही है। इसकी वजह से रात के समय उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।


23 जून तक आ सकता है मॉनसून

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि यानी 23 जून तक यूपी में मॉनसून का इंतजार खत्‍म हो सकता है। हाल के दिनों में मॉनसून की गति धीमी हो गई है क्‍योंकि अरब सागर से नमी का प्रवाह कमजोर पड़ गया है। उत्‍तर पश्चिम भारत में गर्म और शुष्‍क हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। आने वाला पश्चिमी विक्षोभ शुष्‍क हवाओं के असर को कम करेगा। इससे पूरे उत्‍तरी क्षेत्र में नमी में सुधार होगा जिससे यह पैटर्न बदल सकता है।

Related Articles

Back to top button