घायल, छिपे हुए, मर चुके हैं मोजतबा? पिता अयातुल्ला खामेनेई के जनाजे से गुमशुदगी ने बढ़ाया शक

ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच उनके बेटे और उत्तराधिकारी मोजतबा खामेनेई की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. ईरान में छह दिन तक चलने वाले अंतिम संस्कार में करीब 1.5 करोड़ लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है, लेकिन मोजतबा का कोई अता पता नहीं है. मोजतबा अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं, जिससे उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं.
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच पूरे देश में शोक का माहौल है. देशभर के लाखों लोग इस मातम में शामिल हुए. सड़कों पर लोगों का अपने दिवंगत नेता की याद में आंसू बहाता और अमेरिका-इजरायल के खातमे के नारे लगाता दिखा. लेकिन इसी दौरान एक बड़ा सवाल भी लगातार चर्चा में बना हुआ है. सवाल यह कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई आखिर कहां हैं?
अपने पिता के अंतिम संस्कार में अब तक सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आने के कारण मोजतबा खामेनेई को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जबकि कुछ अपुष्ट दावों में यह तक कहा जा रहा है कि वह कई महीनों पहले ही मारे गए थे. हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
4 महीने बाद शुरू हुआ अंतिम संस्कार
अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत चार महीने पहले अमेरिका और इज़रायल के संयुक्त हमलों में हुई थी, जिसके बाद मीडिल ईस्ट जंग की आग में झुलस गया था. अब तेहरान में छह दिनों तक चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम की शुरुआत हो चुकी है. अंतिम संस्कार का समापन 9 जुलाई को मशहद में दफन के साथ होगा.
ईरानी सरकार ने अंतिम संस्कार के विस्तृत कार्यक्रम जारी किए हैं, लेकिन कहीं भी मोजतबा खामेनेई की मौजूदगी का जिक्र नहीं किया गया है. सुरक्षा कारणों से उनकी गतिविधियों को गोपनीय रखा जा रहा है या नहीं, इस पर भी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिस हमले में अली खामेनेई की मौत हुई थी, उसी में मोजतबा, उनकी मां और पत्नी भी घायल हुए थे. माना जा रहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से मोजतबा लगातार सुरक्षित स्थान पर हैं और उन्होंने अब तक केवल लिखित संदेशों के जरिये ही अपने समर्थकों से संवाद किया है. उन्होंने न तो सार्वजनिक रूप से कोई भाषण दिया है और न ही किसी वीडियो में दिखाई दिए हैं.
डेढ़ करोड़ लोगों के शामिल होने का दावा
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि अगले दो से तीन दिनों में करीब 1.5 करोड़ लोग अयातुल्लाह खामेनेई के अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं. हालांकि सरकार ने यह नहीं बताया कि यह अनुमान किस आधार पर लगाया गया है.
तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मुसल्ला में खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों के पार्थिव शरीर रखे गए हैं. यहां अस्थायी अस्पताल बनाए गए हैं और मेडिकल टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. तेहरान के अलावा क़ोम और मशहद में भी अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
तेहरान नगर प्रशासन के अनुसार, शनिवार को सुबह से दोपहर तक 22 लाख से अधिक लोगों ने मेट्रो सेवा का इस्तेमाल किया, जिससे राजधानी में भारी भीड़ का अंदाजा लगाया जा सकता है.
अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
अंतिम संस्कार के बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने चेतावनी दी है कि यदि इस दौरान देश को निशाना बनाने की कोई कोशिश हुई तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा.
उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका अंतिम संस्कार के दौरान ईरान को “एक सप्ताह का समय” दे रहा है. हालांकि इस बयान का विस्तृत अर्थ स्पष्ट नहीं किया गया.
हॉर्मुज स्ट्रेट में भी तनाव बरकरार
इस बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य में भी तनाव बना हुआ है. जहाजों की ट्रैकिंग से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को कम से कम आठ जहाज ओमान के तट के करीब पहुंचने के बाद वापस लौट गए. इससे दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक पर जारी अनिश्चितता और सुरक्षा चिंताओं का संकेत मिलता है.
फिलहाल पूरी दुनिया की नजर ईरान पर टिकी है. एक ओर लाखों लोग अपने पूर्व सर्वोच्च नेता को अंतिम विदाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की गैरमौजूदगी ने सत्ता, सुरक्षा और नेतृत्व को लेकर कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं.




