शुक्र का पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश! 4 राशियों पर आफत, आचार्य ने बताए अचूक उपाय

उज्जैन. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार 16 जुलाई 2026 को शुक्र ग्रह अपने स्वामित्व वाले पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश करने जा रहे हैं. यह गोचर जहां कुछ लोगों के लिए शुभ रहेगा, वहीं कई राशियों के लिए मुश्किलें भी बढ़ा सकता है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, चार राशि के जातकों को फिजूल खर्च, रिश्तों में तनाव, प्रेम संबंधों में गलतफहमियां, कार्यक्षेत्र में बाधाएं और आर्थिक फैसलों में नुकसान की आशंका रहेगी. आइए जानते हैं कि किन राशियों को सावधान रहने की जरूरत है और किन उपायों से दोष दूर होगा.
चार राशियों के जातक सावधान
वृषभ- इस राशि के जातकों के लिए शुक्र का यह परिवर्तन कुछ मुश्किलें खड़ी कर सकता है. मन अशांत रहेगा और भीतर हल्की उदासी बनी रह सकती है, जिससे दिनचर्या प्रभावित होगी. घर के माहौल में तनाव बढ़ने के संकेत हैं, इसलिए छोटी बातों को नजरअंदाज करना जरूरी होगा. कार्यस्थल पर एकाग्रता की कमी महसूस होगी और कामों में रुकावट आ सकती है.
कन्या- इस राशि के जातकों के लिए आने वाला समय चुनौतीपूर्ण रह सकता है. परिवार में तनाव और रिश्तों में दूरी बढ़ने की आशंका है. जीवनसाथी के साथ विवाद मन को परेशान कर सकता है. कारोबार में नुकसान और आर्थिक दबाव बढ़ सकता है. नौकरी या काम में रुकावटें आने से तनाव रहेगा. गुस्से और कठोर शब्दों से बचें, नहीं तो छोटी बात भी बड़े विवाद का कारण बन सकती है.
वृश्चिक- इस राशि के लोगों के लिए शुक्र का यह गोचर थोड़ा सतर्क रहने का संकेत दे रहा है. इस समय आर्थिक मामलों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है और खर्च बढ़ने से बजट बिगड़ सकता है. व्यापार से जुड़े निर्णय सोच-समझकर लेना ही बेहतर रहेगा क्योंकि नुकसान की आशंका बन रही है. साथ ही छोटी सी लापरवाही भी परेशानी या दुर्घटना का कारण बन सकती है.
मीन- इस राशि के जातकों के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है. निराशाजनक खबर मिलने की आशंका है, जिससे मन परेशान रहेगा. परिवार में छोटी-छोटी बातों पर तनाव बढ़ सकता है. वैवाहिक जीवन में मतभेद उभर सकते हैं, इसलिए धैर्य रखें. लंबे समय से रुका हुआ काम फिलहाल पूरा नहीं होगा, जिससे आत्मविश्वास में कमी महसूस होगी.
इन उपायों से मिलेगी राहत
ज्योतिषाचार्य के अनुसार, शुक्र ग्रह को संतुलित रखने के लिए कुछ आसान उपाय बेहद कारगर माने जाते हैं. जीवन में सफेद रंग को प्राथमिकता दें और सफेद वस्त्र धारण करें. इसके साथ ही चावल और चीनी जैसी सफेद वस्तुओं का दान करना शुभ फल देता है. खासतौर पर शुक्रवार को खीर बनाकर जरूरतमंदों को खिलाने से शुक्र दोष शांत होता है और धीरे-धीरे जीवन की परेशानियां कम होने लगती हैं.




