स्वास्थ्य

क्या आप हेल्दी हैं? 15 अगस्त पर खुद करें ये 15 टेस्ट


Health Self Check:
 15 अगस्त सिर्फ देश की आजादी का जश्न मनाने का दिन नहीं, बल्कि एक पल रुककर खुद को भी जांचने का अच्छा मौका है. अक्सर हम अपनी सेहत को लेकर तभी गंभीर होते हैं, जब कोई दिक्कत सामने आ जाती है, जबकि कुछ आसान टेस्ट घर बैठे ही यह बता सकते हैं कि शरीर और दिमाग असल में कैसा महसूस कर रहा है. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ 15 आसान सेल्फ-चेक के तरीके, जिन्हें आप इस 15 अगस्त पर खुद पर आजमा सकते हैं.

BMI

बॉडी मास इंडेक्स यानी BMI यह बताता है कि आपका वजन आपकी हाइट के हिसाब से सही है या नहीं. इसे निकालने के लिए वजन को हाइट के स्क्वायर से भाग दिया जाता है. सामान्य BMI रेंज 18.5 से 24.9 के बीच मानी जाती है.

कमर का घेराव

सिर्फ वजन ही नहीं, कमर का घेराव भी सेहत का एक अहम संकेत है. पेट के आस पास ज्यादा फैट जमा होना दिल की बीमारी और डायबिटीज के खतरे को बढ़ा सकता है. घर पर इसे मापने वाले टेप से नाभि के पास कमर नापकर आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है, कि यह सामान्य रेंज में है या नहीं.

ब्लड प्रेशर

ब्लड प्रेशर शरीर की सेहत का एक बड़ा इंडिकेटर होता है. घर पर मौजूद बीपी मशीन से इसे आसानी से चेक किया जा सकता है. सामान्य ब्लड प्रेशर 120/80 के आसपास माना जाता है, और अगर यह लगातार ज्यादा या कम रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है.

ब्लड शुगर

ब्लड शुगर लेवल यह बताता है कि शरीर इंसुलिन को कितनी सही तरह से इस्तेमाल कर पा रहा है. ग्लूकोमीटर की मदद से घर पर ही फास्टिंग और पोस्ट मील शुगर लेवल चेक किया जा सकता है. लगातार हाई शुगर लेवल डायबिटीज जैसी बीमारियों का शुरुआती संकेत हो सकता है.

हार्ट रेट

हार्ट रेट भी सेहत के बारे में काफी कुछ बताती है. सामान्य तौर पर यह 60 से 100 बीट प्रति मिनट के बीच होनी चाहिए. इसे चेक करने के लिए कलाई या गर्दन पर उंगली रखकर एक मिनट तक धड़कनों को गिना जा सकता है. अगर यह नॉर्मल है तो चिंता की कोई बात नहीं है.

नींद

अच्छी सेहत की नींव अच्छी नींद पर टिकी होती है. रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद जरूरी मानी जाती है. अगर बार बार नींद टूटती है, सुबह उठने पर थकान महसूस होती है, या नींद आने में देर लगती है, तो यह शरीर के तनाव में होने का संकेत हो सकता है.

पानी पीने की आदत

दिन भर में कम से कम 8 गिलास पानी पिएं. बार बार प्यास लगना या मुंह सूखना पानी की कमी का इशारा हो सकता है, इसलिए पानी पीना बिल्कुल न भूलें.

मानसिक स्वास्थ्य का सेल्फ चेक

खुद से यह सवाल पूछें कि क्या लगातार काम या फिर थकान की वजह से चिड़चिड़ापन, उदासी या बेचैनी तो महसूस नहीं हो रही है? अगर लगातार ऐसा महसूस हो तो किसी करीबी और हेल्थ एक्सपर्ट से बात करें.

सांस रोकने की क्षमता

कुछ देर आराम से बैठकर गहरी सांस लें और देखें कि आप कितनी देर सांस रोक पा रहे हैं, यह फेफड़ों की सेहत के बारे में बताता है. 

फ्लेक्सिबिलिटी टेस्ट

खड़े होकर बिना घुटने मोड़े पैर के अंगूठे छूने की कोशिश करें. यह शरीर की लचक और मसल्स हेल्थ बताता है.

पाचन तंत्र

खाने के बाद पेट फूलना, गैस या भारीपन महसूस होना पाचन तंत्र की सेहत पर सवाल खड़े कर सकता है, अगर ऐसा हो रहा है तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करें.

आंखों की रोशनी

दूर या नजदीक की किसी चीज को साफ देख पा रहे हैं या नहीं, यह आसान सेल्फ चेक आंखों की सेहत का शुरुआती अंदाजा देता है.

त्वचा और नाखूनों की सेहत

रूखी त्वचा, बार बार टूटते नाखून या बालों का झड़ना शरीर में पोषण की कमी का इशारा हो सकता है.

एनर्जी लेवल

दिन भर बिना वजह थकान महसूस होना शरीर के अंदर किसी कमी या तनाव का संकेत हो सकता है.

रिकवरी टाइम

सीढ़ियां चढ़ने या हल्की एक्सरसाइज के बाद सांस और धड़कन कितनी जल्दी सामान्य होती है, यह भी फिटनेस लेवल का अच्छा पैमाना है.

Related Articles

Back to top button