‘मां-बहन पर नहीं जाएंगे’, ‘धुरंधर 2’ में गालियों वाले सीन पर बोले सुविंदर, आदित्य धर ने दी थी सख्त हिदायत

नई दिल्ली. सुविंदर विक्की अपनी शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने वेब सीरीज ‘कोहरा’ में पुलिस अफसर बलबीर सिंह का किरदार निभाया था जिसे लोगों ने खूब पसंद किया. इसके बाद से ही उन्होंने कई फिल्मों एक से बढ़कर एक यादगार भूमिकाएं निभाई हैं. सुविंदर ने ‘धुरंधर 2’ में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया. इसके बाद उन्होंने दिलजीत दोसांझ की मूवी सतलुज में काम किया. अब एक्टर ने ‘धुरंधर 2’ में अपने गालियों से भरे सीन्स को लेकर बात की. फिल्म में ऐसे कई सीन्स हैं, जहां सुविंदर का किरदार अर्जुन रामपाल के किरदार को गालियां देता है.
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में सुविंदर विक्की ने‘धुरंधर 2’ और ‘सतलुज’ में अपने किरदारों को उन्होंने कहा, ‘मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे दोनों फिल्मों में काम करने का मौका मिला. भले ही ‘धुरंधर 2’ में मेरा रोल छोटा था और मुझे काफी गालियां देनी पड़ी थीं, लेकिन फिर भी लोगों ने मुझ पर बहुत प्यार बरसाया. इससे पहले मुझ पर कभी मीम्स नहीं बने थे, लेकिन ‘धुरंधर 2′ के बाद मेरे किरदार पर ढेर सारे मीम्स बने, जिससे मुझे बहुत खुशी हुई.’
अब उंगलियों पर है मनोरंजन
उन्होंने ‘धुरंधर 2’ पर बात करते हुए कहा, ‘कुछ फिल्में सच्ची घटनाओं पर आधारित होती हैं और कुछ काल्पनिक होती हैं, लेकिन प्रेरणा उन्हें समाज में होने वाली घटनाओं से ही मिलती है. हम ही इंसान हैं और हम ही शैतान. यह इस बात पर निर्भर करता है कि कौन किस चीज को किस नजरिए से देखता है. यह आपकी सोच और आपकी पसंद पर निर्भर करता है. आज हमारे पास ढेरों विकल्प हैं, पहले सिर्फ सिनेमाघर और दूरदर्शन ही हुआ करते थे, लेकिन अब मनोरंजन हमारी उंगलियों पर है. अगर हमें कुछ पसंद नहीं आता, तो हम तुरंत दूसरी चीज देख सकते हैं. इसके अलावा, ऑनस्क्रीन हिंसा इसलिए भी असली लगती है क्योंकि फिल्म में हर किसी ने अपने काम के साथ पूरा न्याय किया है.’
फिल्म में अर्जुन रामपाल के किरदार को गालियां देने और उन सीन्स की शूटिंग के अनुभव पर उन्होंने बताया, ‘मैं बेहतरीन निर्देशकों के साथ काम करने के मामले में लकी रहा हूं. इस सीन का क्रेडिट आदित्य धर को जाता है और थोड़ा मुझे भी, क्योंकि मैंने भी अपनी तरफ से सौ फीसदी कोशिश की. वैसे, इन गालियों का सारा क्रेडिट हमारे स्क्रिप्ट राइटर को भी जाना चाहिए क्योंकि ये मेरी अपनी नहीं थीं, सबकुछ स्क्रिप्ट में पहले से लिखा हुआ था.’
आदित्य धर ने सुविंदर विक्की को किया था मना
सुविंदर विक्की ने बताया, ‘मैंने तो आदित्य से मजाक में यह तक कह दिया था कि मेरे डायलॉग्स पर तो बीप लग जाएगी, इससे अच्छा तो आप मुझसे किसी मूक किरदार का रोल ही करवा लेते. लेकिन उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि सेंसर बोर्ड कुछ भी नहीं काटेगा. तब मैंने सोचा कि जब कुछ कट ही नहीं रहा है, तो मैं इसमें थोड़ा और इंप्रोवाइजेशन कर लेता हूं, लेकिन आदित्य ने मुझे उसी वक्त रोक दिया. उन्होंने साफ कहा कि हम मां-बहन पर नहीं जाएंगे. फिल्मों में लोगों की भावनाओं को ठेस न पहुंचाना भी हमारी ही जिम्मेदारी है.’
अर्जुन रामपाल का कैसा था रिएक्शन?
जब पूछा गया कि ‘धुरंधर 2’ में गालियों से भरे सीन्स की शूटिंग से पहले अर्जुन रामपाल का क्या रिएक्शन था? तो सुविंदर विक्की ने कहा, ‘धुरंधर से पहले हम दोनों फिल्म ‘सतलुज’ में साथ काम कर चुके थे, इसलिए हमारे बीच एक अच्छी बॉन्डिंग और कम्फर्ट जोन था. जब मैंने अर्जुन को अपने डायलॉग्स में बहुत ज्यादा गालियां होने की बात बताई तो उन्होंने बेहद बेफिक्र अंदाज में कहा कि यार, यह सब तो जिंदगी का हिस्सा है, तू तो बस कैमरा ऑन होते ही फाड़ दे.’




