छत्तीसगढ़

 पुराने विवाद के कारण डांस प्रतियोगिता के दौरान दो गांवों में खूनी संघर्ष, हमले में 8 घायल, 9 आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार : बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में हिंसक वारदात हुई थी.देवरीकला गांव में आयोजित डांस प्रतियोगिता के दौरान पुराने विवाद के कारण दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ था. इस हमले में कुल 8 लोग घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर है. घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूटा और उन्होंने कसडोल थाने का घेराव करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की. कसडोल पुलिस ने इस मामले में सरपंच बालेश्वर वैष्णव, उसके भाई दिलेश्वर वैष्णव समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में तीन अपचारी बालक भी शामिल हैं.

पुलिस की माने तो देवरीकला और देवरीखुर्द गांवों के बीच पिछले कुछ समय से आपसी रंजिश चल रही थी. दोनों गांवों के बीच जमीनी विवाद और राजनीतिक तनातनी के कारण कई बार कहासुनी हो चुकी थी. दशहरा के दिन डांस प्रतियोगिता के दौरान पुराने विवाद ने तूल पकड़ा.इस दौरान मौके पर ही दोनों गांवों के युवकों के बीच टकराव हो गया.देवरीकला और देवरीखुर्द दोनों गांव के कुछ युवक आपस में उलझ गए. माहौल इतना गरमाया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया.

चाकूबाजी से दहशत, कई लोग घायल : हमले के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई. मंच पर मौजूद बच्चे और महिलाएं सुरक्षित जगह भागने लगे. कुल 8 लोग घायल हुए, जिनमें एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं. सिविल सर्जन डॉ अशोक वर्मा के मुताबिक कन्हैया रात्रे जो देवरीखुर्द का रहने वाला है उसके गले की नस कट गई हैं. वर्तमान में वो ठीक है, जिसे जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है, लेकिन उसे कुछ दिन निगरानी में रखा जाएगा.अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल में प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया है.

कसडोल थाने का घेराव, पुलिस पर दबाव : घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और थाने का घेराव किया. इस मामले में देर रात 2 बजे एफआईआर दर्ज हुई. इसके बाद थाना प्रभारी शशांक सिंह ठाकुर ने मीडिया और ग्रामीणों के दबाव के बाद आरोपी सरपंच बालेश्वर वैष्णव और उसके भाई समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया. आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान घटना में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिए गए. इसमें पंच, चाकू, रॉड और चूड़ा शामिल है. एक अपचारी बालक की संलिप्तता भी पाई गई है. उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा. अन्य आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.

पीड़ित पक्ष के बयान और मौके पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर सरपंच बालेश्वर वैष्णव ओर उसके भाई दिलेश्वर वैष्णव सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन अपचारी बालक भी शामिल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी.सभी आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है- भावना गुप्ता, एसपी



पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है. किसी भी हाल में कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.हमने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी विवाद को बातचीत और कानूनी तरीके से सुलझाएं, हिंसा का रास्ता किसी के लिए लाभकारी नही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button