सरकार खेलों पर खर्चेगी 36,441 करोड़, पांच साल में होंगे खर्च, 2036 ओलंपिक में टॉप-10 लक्ष्य

ब्यूरो— नई दिल्ली, भारत सरकार अगले पांच साल में खेलों में 36,441 करोड़ रुपए खर्च करेगी। भारतीय खेल प्राधिकरण ने मंगलवार को बताया कि खेलो इंडिया रिवैंप्ड योजना के तहत यह पैसा 2026 से 2031 तक खर्च किया जाएगा। सरकार ने यह बजट जारी करने के साथ ओलंपिक के लिए मेडल टारगेट भी तय किए हैं। सरकार का लक्ष्य 2036 ओलंपिक की मेडल लिस्ट के टॉप-10 और 2048 ओलंपिक में टॉप-5 देशों में जगह बनाना है।
भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी करना चाहता है, जबकि 2048 ओलंपिक में भारत की आजादी के 100 साल पूरे हो चुके होंगे। भारत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में सिर्फ छह मेडल जीते थे। मेडल टेली में भारत 71वें स्थान पर था। 2036 में 12-14 गोल्ड समेत कुल 30-35 मेडल और 2048 में 35-40 गोल्ड समेत कुल 90-100 मेडल जीतने का लक्ष्य रखा गया है।
खिलाडिय़ों की संख्या 10 गुना करना टारगेट
साई रीजनल सेंटर मुंबई के क्षेत्रीय निदेशक पांडुरंग चाटे ने कहा कि रिवैंप्ड खेलो इंडिया योजना का मकसद खिलाडिय़ों के लिए पूरी खेल यात्रा तैयार करना है। रिवैंप्ड योजना का बजट आठ गुना बढ़ाने का लक्ष्य है। 2026 से 2031 के बीच योजना के तहत मदद पाने वाले खिलाडिय़ों की संख्या भी 10 गुना बढ़ाई जाएगी।




