साउथ अफ्रीका ने रोका भारत का विजय रथ, नादिन डी क्लार्क ने पलटा पासा

एजेंसियां— विशाखापट्टनम
भारतीय टीम को महिला वनडे वल्र्ड कप 2025 में पहली हार झेलनी पड़ी। गुरुवार को साउथ अफ्रीका ने भारत को तीन विकेट से हराया। गुरुवार को साउथ अफ्रीका ने 252 रन का टारगेट 48.5 ओवर में सात विकेट खोकर चेज कर लिया। नदीन डी क्लर्क 84 रन बनाकर नाबाद लौटीं। उन्होंने क्लो ट्राईऑन के साथ 60 गेंदों पर 69 रन की साझेदारी की।
इससे पहले भारतीय टीम पहेल बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 251 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। एक समय भारत के छह विकेट 102 रन पर गिर गए थे। इसके बाद ऋचा घोष ने 77 गेंदों पर 94 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला।
स्मृति मंधाना रिकॉर्ड क्वीन, एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनी
भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे विश्व कप मुकाबले के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। स्मृति मंधाना एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की पूर्व क्रिकेटर बेलिंडा क्लार्क का 28 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। गुरुवार को अफ्रीका के खिलाफ मंधाना का बल्ला नहीं चला। वह 32 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुईं। बेलिंडा ने 1997 में 970 रन बनाए थे, जबकि स्मृति मंधाना 980 से ज्यादा रन बना चुकी हैं।




