अब दुश्मन की खैर नहीं… सिर्फ 14 घंटे में 3D प्रिटिंग से बनाए बंकर, लद्दाख में भारतीय सेना ने दिखाई ताकत

VIRAL VIDEO: भारतीय सेना ने लद्दाख में 11,000 फीट की ऊंचाई पर सैनिकों की सुरक्षा के लिए ‘3डी प्रिंटेड बंकर’ तैयार किए हैं. इस तकनीक को ‘प्रोजेक्ट प्रबल’ नाम दिया गया है, जिसे सेना, आईआईटी हैदराबाद और भारतीय कंपनी ‘सिंपलीफाइड क्रिएशन्स’ ने मिलकर विकसित किया है. एक बंकर को तैयार करने में महज 14 घंटे का समय लगा है. इस पोर्टेबल रोबोटिक प्रिंटर को पहाड़ों पर आसानी से ले जाया जा सकता है और इसमें स्थानीय सामग्री का ही इस्तेमाल होता है. सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इन बंकरों की बाहरी दीवारों को लहरदार (वेवी) बनाया गया है ताकि गोलियों का असर न हो. शून्य से 50 डिग्री नीचे के तापमान में भी ये बंकर अंदर से 10 से 20 डिग्री तक गर्म रहते हैं.
नामुमकिन को मुमकिन बनाया
इसे मुमकिन बनाया है एक भारतीय कंपनी ‘सिंपलीफाइड क्रिएशन्स’ (सिंपलीफाई फोर्ज), आईआईटी हैदराबाद और भारतीय सेना ने मिलकर. इतनी ऊंचाई पर निर्माण करना कितना मुश्किल है, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि वहां ऑक्सीजन का स्तर सामान्य से 40 से 50 फीसदी तक कम हो जाता है. इससे पहले भी लद्दाख के इस पथरीले और बर्फीले मौसम में 3डी प्रिंटिंग के कई प्रयास नाकाम हो चुके थे.
क्या है ‘प्रोजेक्ट प्रबल’
आखिर यह जादुई तकनीक काम कैसे करती है. इसे ‘प्रोजेक्ट प्रबल’ नाम दिया गया है. यह एक पोर्टेबल रोबोटिक प्रिंटर है जिसे सेना और आईआईटी हैदराबाद मिलकर चला रहे हैं. इसमें एक रोबोटिक आर्म यानी मशीन का हाथ कंक्रीट को एक के ऊपर एक परत (लेयर) के रूप में बिछाता जाता है. यह प्रिंटर एक गाड़ी पर आसानी से फिट हो जाता है, जिससे इसे पहाड़ों के संकरे रास्तों पर कहीं भी ले जाना बेहद आसान है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें बंकर बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर मिलने वाली मिट्टी और कंक्रीट का ही इस्तेमाल होता है.
लहरदार दीवारें और सुरक्षा कवच
मशीन से बने इन बंकरों की दीवारें आम दीवारों से बिल्कुल अलग और बेहद खास हैं. लेह में जो बंकर बनाए गए हैं, उनकी बाहरी दीवारों को जानबूझकर लहरदार (वेवी) बनाया गया है. ऐसा इसलिए किया गया है ताकि दुश्मन की तरफ से आने वाली गोलियां टकराकर सीधे वापस न लौटें या सैनिकों को नुकसान न पहुंचाएं.
सिक्किम तक पहुंचा एक्शन
लेह तो सिर्फ एक शुरुआत थी. दिसंबर 2025 तक सेना सिक्किम के बेहद संवेदनशील और आगे के इलाकों में खुद मौके पर जाकर इस 3डी प्रिंटिंग तकनीक से बंकर और संतरी पोस्ट धड़ाधड़ तैयार करने लगी थी. इन बंकरों पर बकायदा असली गोलियों और हथियारों से परीक्षण भी किया जा चुका है, जिसमें ये पूरी तरह खरे उतरे हैं.
हाड़ कंपाती ठंड में राहत
ठंड के मौसम में यह बंकर सैनिकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. कंपनी का दावा है कि जब बाहर का तापमान गिरकर -40 से -50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, तब भी इन बंकरों के अंदर का तापमान बाहर के मुकाबले 10 से 20 डिग्री तक ज्यादा गर्म बना रहता है.
आत्मनिर्भर भारत की ताकत
देश को सुरक्षित बनाने की इस मुहिम में सिर्फ एक कंपनी शामिल नहीं है. ‘मीकॉब’ (Mikob) नाम की एक और भारतीय स्टार्टअप कंपनी ने सेना को 500 से ज्यादा ऐसे प्रिंटेड बंकर सौंप दिए हैं. अब हिमालय की गगनचुंबी ऊंचाइयों पर जवानों की ढाल बनने वाली ये दीवारें पूरी तरह ‘मेड इन इंडिया’ मशीनों से सरहद पर ही मिनटों में तैयार हो रही हैं.




