अंतर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

पीएम मोदी पहुंचे ताशकंद: राष्ट्रपति ने एयरपोर्ट में किया स्वागत, व्यापार से रक्षा तक इन मुद्दों पर होगी वार्ता

PM Modi Uzbekistan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंच गए हैं। वह राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी और शिक्षा समेत कई मुद्दों पर बातचीत करेंगे। 

ताशकंद जाने से पहले पीएम मोदी ने उज्बेक छात्रों की तारीफ की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा के लिए रवाना होने से पहले उज्बेकिस्तान के कुछ युवा छात्रों का एक वीडियो साझा किया, जिसमें छात्रों ने हिंदी में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने छात्रों के उत्साह और हिंदी बोलने के अंदाज की सराहना करते हुए कहा कि यह देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि उज्बेकिस्तान के उनके युवा मित्रों ने जिस उत्साह के साथ उनका स्वागत किया, वह खास है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि छात्रों ने हिंदी में यह संदेश दिया और उसे बहुत अच्छी तरह से पेश किया।

ताशकंद पहुंचने से पहले छात्रों ने कैसे किया पीएम मोदी का स्वागत?

वीडियो में ताशकंद के कई छात्र बारी-बारी से प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते नजर आए। छात्रों ने भारत की संस्कृति के प्रति अपनी रुचि और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का भी जिक्र किया। एक छात्र ने हिंदी में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, ताशकंद में आपका स्वागत है। मेरा नाम समंदर है। हम ताशकंद के विद्यार्थी हैं। हम आपके ताशकंद आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी जी, ताशकंद आपका इंतजार कर रहा है।” एक अन्य छात्र ने कहा कि ताशकंद की धरती प्रधानमंत्री मोदी के आने का इंतजार कर रही है। उसने कहा कि सभी छात्र इस मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं और प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार हैं।

अबतक कितने बार उज्बेकिस्तान गए हैं पीएम मोदी? 

विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि यह पीएम मोदी का उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा होगा। इससे पहले उन्होंने 2015 में उज्बेकिस्तान और पश्चिम एशिया के अन्य देशों का दौरा किया था और फिर 2016 और 2022 में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट में शामिल होने के लिए वहां गए थे।

गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान यात्रा के बारे में एक खास मीडिया ब्रीफिंग के दौरान सेक्रेटरी जॉर्ज ने कहा कि यह मुलाकात भारत और उज्बेकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक संबंधों को उजागर करने का मौका देगी।

दोनों देशों के बीच कैसा है रिश्ता? 

पिछले कई वर्षों से भारत और उज्बेकिस्तान के बीच द्विपक्षीय और बहुपक्षीय दोनों स्तरों पर बड़े पैमाने पर और फायदेमंद संबंध रहे हैं। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति ने 2018 में भारत की राजकीय यात्रा की थी और वे 2019 में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में भी शामिल हुए थे। पीएम मोदी और मिर्जियोयेव की मुलाकात 2023 में दुबई में सीओपी28 के दौरान और 2024 में कजान में ब्रिक्स समिट के दौरान हुई थी। इन नेताओं की पिछली मुलाकात 2025 में चीन के तियानजिन में एससीओ समिट के दौरान हुई थी।

Related Articles

Back to top button