अयूब-किओंग की जोड़ी को हराकर सात्विक-चिराग चाइना मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे

शेनझेन (चीन) – भारत के सात्विकसराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी जोड़ी ने शनिवार को भी टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मलेशिया के नूर मोहम्मद अजीरन अयूब और टैन बी किओंग की जोड़ी के खिलाफ जीत दर्ज कर चाइना मास्टर्स के पुरुष युगल के फाइनल में जगह बना ली है। आज यहां खेले गये सेमीफाइनल में बैडमिंटन रैंकिंग में पांचवें पायदान पर मौजूद भारत की सात्विक और चिराग की जोड़ी ने मलेशिया के नूर मोहम्मद अजीरन अयूब और टैन वी किओंग की जोड़ी को एक घंटे छह मिनट तक चले मुकाबले में 21-16, 18-21, 21-11 से हराकर चाइना मास्टर्स के फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ सात्विक और चिराग पिछले चार संस्करणों में तीसरी बार चाइना मास्टर्स के फ़ाइनल में पहुंचे हैं। वे 2023 और 2025 में रनर-अप रहे थे और 2024 में सेमीफ़ाइनल तक पहुंचे थे। एशियाई खेलों के मौजूदा पुरुष युगल बैडमिंटन चैंपियन के पास अब अपना पहला चाइना मास्टर्स ख़िताब जीतने का एक और मौका होगा। 2005 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट को अब तक किसी भी भारतीय शटलर ने नहीं जीता है।
मलेशियाई जोड़ी ने शुरुआती गेम में 5-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन सात्विक और चिराग ने लगातार सात अंक जीतकर वापसी की और मिड-गेम इंटरवल तक 11-9 की बढ़त बना ली। ब्रेक के बाद भी भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त बनाए रखी और 17-15 के स्कोर से आगे बढ़ते हुए अगले पांच में से चार अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी मलेशियाई खिलाड़ियों ने तेज़ शुरुआत की और 4-0 की बढ़त बना ली, लेकिन फिर सात्विक और चिराग ने अपनी लय हासिल की और 10-8 से आगे हो गए। इसके बाद बढ़त कई बार बदली और दोनों जोड़ियां 18-18 के स्कोर पर बराबरी पर आ गईं। हालांकि, नूर मोहम्मद अज़रीन अयूब और टैन वी किओंग ने लगातार तीन अंक जीतकर मैच को निर्णायक गेम (डिसाइडर) तक पहुंचा दिया। सात्विक और चिराग ने यह सुनिश्चित किया कि निर्णायक गेम में मलेशियाई खिलाड़ियों की तेज़ शुरुआत वाली रणनीति दोबारा न चल पाए। उन्होंने शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा और मिड-गेम इंटरवल तक 11-4 की बढ़त हासिल कर ली।
साइड बदलने के बाद भी भारतीय जोड़ी ने खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा और निर्णायक गेम जीतकर फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह सात्विक और चिराग का 2026 का तीसरा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फ़ाइनल होगा। मई में थाईलैंड ओपन में वे रनर-अप रहे थे और उसी महीने बाद में सिंगापुर ओपन जीता था। रविवार को होने वाले फ़ाइनल में भारतीय जोड़ी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर अपने करियर का 10वां ख़िताब जीतने की कोशिश करेगी। पिछले महीने नई दिल्ली में क्वार्टर-फ़ाइनल से बाहर होने के कारण तीसरा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल जीतने से चूकने वाली भारतीय जोड़ी, रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में दूसरे सेमीफाइनल के विजेताओं का सामना करेगी। यह सेमी-फ़ाइनल मलेशिया के टी काई वुन और याप रॉय किंग तथा चीन के हे जिटिंग और रेन जियांग्यु के बीच खेला जाएगा।




