यूपी के सभी 18 मंडलों में PM मोदी करेंगे सभा, अमित शाह समेत BJP के कई नेता करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां

लखनऊ: गृह मंत्री अमित शाह के चुनावी मंत्र के बाद बीजेपी तेजी से चुनाव तैयारियों में जुट गई है। बीजेपी प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने शनिवार को इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सभाएं करेंगे।
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह भी लगातार प्रदेश को मथेंगे और वे हर क्षेत्र में जाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश के बड़े नेताओं की भी सभाएं होंगी।
बैठक में कई नेता हुए शामिल
विनोद तावड़े के नेतृत्व में हुई इस बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, जगदीश पटेल, अनंत ओझा, डॉ. प्रदीप वर्मा, सभी प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, प्रदेश मोर्चाओं के अध्यक्ष, प्रभारी, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी मौजूद रहे।
दीवाली बाद अपने एसआईआर में जुटेगी भाजपा
इस बैठक का मकसद विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को टारगेट देकर चुनाव में जुटने के लिए तैयार करना था। प्रदेश प्रभारी ने इस बैठक में हर घर से लेकर, चौपाल, विधानसभा और जिला स्तर तक संपर्क का लक्ष्य दिया है। दीपावली बाद बीजेपी अपने स्तर से गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जुटेगी। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता छूटे हुए वोटरों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए जुटेंगे।
प्रवास के साथ हर घर तक संपर्क
उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर प्रवासी प्रभारियों की नियुक्ति कर ली जाए। जिला से लेकर विधानसभा स्तर पर चुनाव व्यवस्था समिति का गठन करना है। महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विधानसभा स्तर पर प्रवासी के रूप में काम करेंगे। सभी जिला प्रभारी जल्द विधानसभा स्तर पर प्रवास पूरा करें और विधानसभा प्रभारी शक्तिकेंद्र पर अपने प्रवास सुनिश्चित करें।
जिला स्तर पर समन्वय टोली का गठन
विधानसभा प्रभारी और विस्तारको को मंडल स्तर पर सक्रिय सदस्यों की बैठकें जल्द शुरू करनी हैं और शक्तिकेंद्र पर करना है। पार्टी घर-घर संपर्क अभियान के तहत 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपेगी। डोर टू डोर जनसंपर्क की योजना तैयार करनी है। इसके लिए महिला, युवा, नए मतदाता, लाभार्थी किसान, छोटे व्यापारी, प्रबुद्ध वर्ग, पूर्व सैनिक, सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से संपर्क की योजना बनाकर उस पर काम करें। जिला स्तर पर समन्वय टोली का गठन किया जाएगा।
युवा, बुद्धिजीवी से लेकर रेहड़ी वालों से संपर्क
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने कहा कि जिला चुनाव संचालन समिति और विधानसभा चुनाव संचालन समिति तैयार करें। मंडल, जिला, क्षेत्र, प्रदेश स्तर के पूर्व पदाधिकारियों के साथ विधानसभा स्तर पर संवाद के कार्यक्रम आयोजित होंगे। पूर्व ब्लॉक प्रमुखों, बीडीसी सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत सदस्यों और पूर्व पार्षदों सहित सभी पूर्व जनप्रतिनधियों को संगठनात्मक गतिविधियों से जोडना है।
‘अपने क्षेत्र में रात्रि-प्रवास करें’
युवा, महिला, बुद्धजीवी, श्रमिक, व्यापारी वर्ग, रेहडी पटरी विक्रेता, चाय, पान, किराना, सब्जी आदि के विक्रेताओं से संपर्क के लिए लिस्ट तैयार करें। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा अपने अपने क्षेत्र में रात्रि-प्रवास करें। मतदाता सूची सत्यापन और विशेष पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता देनी है।
सोशल मीडिया टीम से नाखुशी
सोशल मीडिया टीम के कामकाज को लेकर धर्मपाल सिंह ने नाराजगी जताई। चुनाव से पहले हमे विपक्षी नैरेटिव की काट करनी है। अपने नैरेटिव सेट करने है। इसमें सोशल मीडिया अहम है, लेकिन अपेक्षित काम नहीं हो रहा। पार्टी की गतिविधियां ठीक से सोशल मीडिया पर दिखनी चाहिए।




