कानूनी पचड़े में फंसीं नोरा फतेही, एविएशन कंपनी ने ठोका 3 करोड़ का मानहानि केस, छवि बिगाड़ने का लगाया आरोप

नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही एक नई मुसीबत में फंसती नजर आ रही हैं. एक चार्टर्ड एविएशन कंपनी ने उनके खिलाफ 3 करोड़ रुपये का मानहानि केस दर्ज कराया है. यह पूरा मामला नोरा के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए कुछ वीडियो से जुड़ा है, जो उन्होंने पिछले साल चार्टर्ड प्लेन में सफर के दौरान बनाए थे. कंपनी का आरोप है कि नोरा के कमेंट्स और वीडियो से उनकी साख को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे उनके कारोबार पर भी बुरा असर पड़ा है.
गांधीनगर की अदालत में यह सिविल सूट ड्यून्स एविएशन नाम की कंपनी ने किया है. इसके साथ ही कोर्ट से अपील की गई है कि नोरा को वे सभी वीडियो हटाने और सार्वजनिक तौर पर सफाई जारी करने का आदेश दिया जाए. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यह विवाद पिछले साल दिसंबर में मुंबई से जयपुर की एक फ्लाइट के दौरान का है. नोरा ने प्लेन के अंदर से इंस्टाग्राम पर कुछ वीडियो शेयर किए थे, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर विमान को लेकर कुछ ऐसी बातें कहीं, जिस पर कंपनी ने सख्त आपत्ति जताई है. कंपनी का दावा है कि नोरा ने वीडियो में उनके जेट को टॉय, छोटा और लेगो एरोप्लेन कहते हुए मजाक उड़ाया था.
क्या अदालत नोरा फतेही को विवादित वीडियो हटाने का आदेश देगी?
- हाँ, पूरी तरह से हटाना होगा
- नहीं, केवल कुछ हिस्सों को हटाना होगा
- नहीं, वीडियो हटाने का आदेश नहीं मिलेगा
- अदालत इस पर कोई फैसला नहीं देगी
ड्यून्स एविएशन का आरोप है कि नोरा की सोशल मीडिया पर जबरदस्त फैन फॉलोइंग है. उनके अकेले इंस्टाग्राम पर ही 4.6 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. ऐसे में उनके इस वीडियो के वायरल होने से कंपनी की छवि को तगड़ा झटका लगा है. याचिका के मुताबिक, नोरा की इस हरकत का सीधा असर कंपनी के कारोबार पर पड़ा है. कंपनी का कहना है कि इस विवाद के सामने आने के बाद उनकी बुकिंग्स में 15 से 20 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई है. फ्लाइट कैंसिलेशन के मामलों में भी अचानक उछाल आया है.
कंपनी ने नोरा फतेही के दावों को किया खारिज
दूसरी ओर, कंपनी ने नोरा के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें उन्होंने प्लेन को सफर के लिए असुरक्षित बताया था. ड्यून्स एविएशन का कहना है कि मुंबई-जयपुर रूट के लिए इस्तेमाल किया गया ‘सेसना साइटेशन सीजे2’ एक बेहद स्टैंडर्ड और हर पैमाने पर सही एयरक्राफ्ट था. कंपनी ने यह भी साफ किया है कि उनका यह जेट DGCA से पूरी तरह सर्टिफाइड और उड़ान के लिए 100 फीसदी फिट था. साथ ही, वे सभी कानूनी नियमों का पालन करते हुए एक वैध परमिट के तहत ही इसका संचालन कर रहे थे.
एविएशन कंपनी की साख पर लगा दाग
कंपनी ने नोरा पर बिना किसी तकनीकी जानकारी या तथ्य की जांच किए गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि एक्ट्रेस की इस लापरवाही की वजह से कंपनी की सालों पुरानी साख मिट्टी में मिल गई है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
नोरा फतेही पर 3 करोड़ का मानहानी केस
एविएशन कंपनी ने 3 करोड़ का हर्जाना मांगने के अलावा अदालत से यह मांग भी की है कि नोरा के सोशल मीडिया अकाउंट्स और इंटरनेट से उन सभी पोस्ट्स व वीडियो को तुरंत हटाया जाए, जिनमें इस जेट को लेकर विवादास्पद टिप्पणियां की गई हैं. इसके साथ ही कंपनी ने एक्ट्रेस से सार्वजनिक तौर पर सफाई और माफी जारी करने की बात भी कही है. इस की अगली सुनवाई 25 सितंबर को सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में होनी तय हुई है.




