खंडवा में नदी किनारे मिला महिला सरपंच के पति का क्षत-विक्षत शव, एसपी अगम जैन और डॉग स्क्वायड मौके पर

खंडवा: जिले में पिपलोद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरखेड़ा में सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय नदी किनारे महिला सरपंच के पति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक के गले, सिर और पेट पर धारदार हथियार या भारी वस्तु से किए गए गहरे घावों के निशान मिले हैं। शव मिलने की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
घर लौटते वक्त हुआ हमला
पिपलोद थाना प्रभारी ने बताया की मृतक की पहचान बोरखेड़ा पंचायत की महिला सरपंच ज्ञानीबाई के पति रूमसिंग के रूप में हुई है। रूमसिंग घर लौट रहे थे, लेकिन वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे। बाद में गांव के पास नदी किनारे उनका शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। शरीर पर मौजूद गंभीर चोटों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि रास्ते में घात लगाकर उन पर जानलेवा हमला किया गया।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर
वारदात की सूचना मिलते ही पिपलोद थाना प्रभारी विक्रम धार्वे पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया, जिसके बाद खंडवा एसपी अगम जैन, फॉरेंसिक एक्सपर्ट, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है, ताकि मौत के सटीक कारणों और समय का पता लगाया जा सके।
- खंडवा के बोरखेड़ा गांव में महिला सरपंच के पति की निर्मम हत्या।
- नदी किनारे मिले शव के गले और पेट पर धारदार हथियार के गहरे निशान।
- खंडवा एसपी अगम जैन और फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर की जांच।
- पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए बनाई विशेष टीमें।
जांच के केंद्र में अहम सवाल
खंडवा एसपी अगम जैन ने बताया की पुलिस इस वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए कई बिंदुओं पर काम कर रही है। जिनमे क्या रूमसिंग को रास्ते में रोककर किसी विवाद के चलते निशाना बनाया गया। क्या इस हत्याकांड के पीछे कोई पुरानी रंजिश या पंचायत से जुड़ा विवाद था। मृतक आखिरी बार किन लोगों के साथ देखे गए थे।
एसपी ने दिए त्वरित खुलासे के निर्देश
एसपी अगम जैन ने मामले का संज्ञान लेते हुए विशेष जांच टीम गठित कर आरोपियों की जल्द धरपकड़ के निर्देश दिए हैं। पुलिस मृतक की कॉल डिटेल खंगालने के साथ-साथ परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। नदी किनारे मिले सबूतों के आधार पर हमलावरों का सुराग लगाने का प्रयास जारी है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।




