मुंबई एयरपोर्ट से 2 करोड़ का सोना और 1.28 लाख UAE दिरहम चोरी, सूरत के कारोबारी ने सहार पुलिस में दर्ज कराई FIR

मुंबई : दुबई से लौट रहे सूरत के एक कपड़ा व्यापारी के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कथित तौर पर धोखाधड़ी हुई। उनसे लगभग 1.95 करोड़ रुपये कीमत का 1.5 किलोग्राम सोना और 1.28 लाख UAE दिरहम (लगभग 33.35 लाख रुपये) नकद ठग लिए गए। सहार पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि 67 साल के एक व्यापारी की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि अपना कपड़ों का कारोबार बंद करने के बाद नए बिजनेस की तलाश कर रहे व्यापारी की मुलाकात दुबई यात्रा के दौरान केरल के रहने वाले मोहम्मद आसिफ से हुई थी। आसिफ ने उन्हें सलाह दी कि वे UAE में कानूनी तरीके से सोना खरीदें और उसे भारत में बेचें।
दुबई से खरीदकर लाया सोना
अधिकारी ने बताया कि सलाह मानने के बाद, सूरत के व्यापारी ने पिछले महीने दुबई से एक किलो और 500 ग्राम वजन की सोने की दो छड़ें खरीदीं। बताया जाता है कि 7,66,589 AED कीमत का यह सोना उधार पर खरीदा गया था। व्यापारी भारत में कस्टम ड्यूटी चुकाने के लिए 1,28,000 AED नकद भी साथ ले गया था।
फ्लाइट में हुई नियास मो. से मुलाकात
अधिकारी ने बताया कि जब व्यापारी एमिरेट्स की फ्लाइट से दुबई से मुंबई लौट रहा था, तो उसकी मुलाकात नियास मोहम्मद कटुमाडाथिल से हुई, जिसका परिचय उसे मोहम्मद आसिफ के परिचित के तौर पर कराया गया था।




