दिल्ली

थप्पड़ कांड में प्रवेश वर्मा के खिलाफ एनसीआर, AAP विधायक जरनैल सिंह पर मुकदमा दर्ज

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान 22 वर्षीय युवक को कथित रूप से थप्पड़ मारने के मामले में मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ असंज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की है। वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ लोक सेवकों के कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सिंह के खिलाफ पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है जबकि वर्मा के खिलाफ साहिब सिंह नामक युवक की शिकायत पर असंज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) स्वेच्छा से चोट पहुंचाने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 के तहत दर्ज की गई है।

  • पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर स्वामी ने कहा कि साहिब सिंह और पीडब्ल्यूडी सहायक अभियंता की शिकायतों पर कानून की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। स्वामी ने कहा, ‘घटना के संबंध में कुछ अन्य शिकायतें भी मिली हैं, जिन पर जांच के दौरान विचार किया जाएगा।’
  • एनसीआर तब दर्ज की जाती है, जब प्राप्त जानकारी किसी असंज्ञेय अपराध से संबंधित होती है। ऐसे मामलों में, पुलिस को जांच करने के लिए मजिस्ट्रेट की अनुमति की आवश्यकता होती है, जबकि संज्ञेय अपराध में पुलिस कानून के तहत दी गई व्यवस्था के अनुसार जांच आगे बढ़ा सकती है।

क्या है मामला?

यह घटना रविवार को जनकपुरी जिला केंद्र चौक और नजफगढ़ नाले के बीच बाहरी रिंग रोड के एक हिस्से पर सड़क मरम्मत कार्य के निरीक्षण के दौरान हुई। वर्मा द्वारा व्यक्ति को कथित रूप से थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ। युवक की पहचान साहिब सिंह के तौर पर हुई है।

  • दिल्ली भाजपा ने रविवार को इस घटना पर खेद व्यक्त किया, हालांकि उसने आरोप भी लगाया कि वह व्यक्ति आदतन अपराधी है। शिकायत के अनुसार, जब वर्मा ने सिंह को कथित रूप से थप्पड़ मारा, तब वह निरीक्षण की रिकॉर्डिंग कर रहा था।
  • यह घटना उस समय हुई जब मौके पर मौजूद तिलक नगर से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जरनैल सिंह ने सड़क की नई सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उसे हाथ से उखाड़ दिया और व्यक्ति इस घटना को रिकॉर्ड कर रहा था।
  • हालांकि, वर्मा ने कहा कि वह आप कार्यकर्ताओं द्वारा सरकारी अधिकारियों को अपना काम करने से रोकने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिंह ‘आप’ से जुड़ा हुआ है और उसके खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज है।

पुराना मामला आया सामने

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सिंह इस साल जून में एमसीडी के एक कर्मचारी के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपी है। उसे इस मामले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत मिल गई थी। कर्मचारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, दो जून की यह घटना तब हुई जब एमसीडी कर्मचारी कचरा एकत्र कर रहा था। संग्रहण वाहन में एक इमारत की दूसरी मंजिल से कचरा फेंके जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।

Related Articles

Back to top button