महाराष्ट्र

CM फडणवीस ने ठाकरे भाइयों को बताया ‘गजनी’, विरोध मार्च पर बोले- मैं याद दिला देता हूं…

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्षी दल शिवसेना यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे पर निशाना साधा है. दरअसल ठाकरे भाइयों के नेतृत्व में हाल ही में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘विरोध मार्च’ निकाला था जिसपर सीएम फडणवीस ने हमला बोला. उन्होंने कहा कि ठाकरे बंधुओं का विरोध मार्च जनता ने नकार दिया. इतना ही नहीं, सीएम ने दोनों को ‘गजनी’ करार दिया.

दरअसल, सीएम फडणवीस ने एक कार्यक्रम के बाद कहा, “यह मार्च अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश थी. इतनी चर्चा के बावजूद मार्च में लोगों की संख्या कम थी.” इससे पहले दिन में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने मेट्रो सिनेमा से विरोध मार्च का नेतृत्व किया. मार्च दक्षिण मुंबई में थोड़ी दूरी तय करते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय तक पहुंचा.

‘ज्ञानेश कुमार के आने से पहले हो गए थे महाराष्ट्र चुनाव’

प्रदर्शन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की गई. कांग्रेस नेताओं बालासाहेब थोराट और विजय वडेट्टीवार के साथ-साथ शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के जयंत पाटील, शशिकांत शिंदे, जितेंद्र आव्हाड और अनिल देशमुख ने भी रैली में हिस्सा लिया. 

इसको लेकर देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “वे ‘गजनी’ जैसे हो गए हैं. इसलिए मैं इन ‘गजनियों’ को याद दिलाना चाहता हूं कि ज्ञानेश कुमार 2025 में मुख्य निर्वाचन आयुक्त बने, जबकि महाराष्ट्र में चुनाव 2024 में हुए थे और एसआईआर 2026 में शुरू हुआ.” जानकारी के लिए बता दें कि गजनी साल 2008 में आई फिल्म है, जिसमें मुख्य पात्र हर 15 मिनट में अपनी याददाश्त खो देता है.

विरोध मार्च के आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज

मुंबई पुलिस ने रविवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के नेतृत्व में निकाले गए विरोध मार्च के आयोजकों के खिलाफ आजाद मैदान थाने में केस दर्ज किया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मार्च के लिए अनुमति नहीं ली गई थी. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ निकाले गए इस मार्च में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया.

Related Articles

Back to top button