अभिजीत दीपके एक तरफ, दूसरे छोर पर राहुल गांधी; क्या है भाजपा का प्लान

कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 तारीख को जंतर मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। वहीं, बीते 3 दिनों से INDIA गठबंधन लगातार सक्रिय बना हुआ है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन ने हालात संभालने के लिए एक प्लान बनाया है।
एसआईआर के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़कों पर उतरे विपक्ष के साथ सत्तारूढ़ खेमा दो-दो हाथ तो कर ही रहा है, लेकिन उसकी चिंता विपक्ष से ज्यादा आम जनता के बीच भरोसे को लेकर है। यही वजह है कि भाजपा और उसके सहयोगी दल दिल्ली के दंगल से ज्यादा ध्यान अपने जमीनी कार्यक्रमों और अभियानों पर केंद्रित कर रहे हैं।
इस मामले में सोशल मीडिया के जरिये बनने वाले संभावित नकारात्मक प्रभाव की काट के लिए राजग सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साध रहा है। संसद के मॉनसून सत्र से अब तक विपक्ष किसी न किसी मुद्दे पर सरकार पर हमलावर है। पहले छात्र आंदोलन और जेन-जी की तीखी प्रतिक्रिया को लेकर सरकार ने बड़े कदम उठाते हुए आंदोलनकारियों की मांगें मान कर उसे समाप्त किया।
सरकार का मानना है कि इससे विपक्ष ने जो मंसूबे साध रखे थे वे पूरे नहीं हो सके। अब विपक्ष ने एसआईआर पर सरकार को कटघरे में खड़ा कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा हुआ है। दिल्ली में बीते तीन दिनों से विपक्ष खासकर कांग्रेस का नेतृत्व सड़कों पर है। भाजपा और विपक्ष के बीच तीखे शब्दबाण चलाए जा रहे हैं। भाजपा ने भी प्रवक्ताओं और प्रमुख नेताओं को मैदान में उतार दिया है, जो विपक्षी आरोपों का जबाब देने के साथ पलटवार भी कर रहे हैं।
एकजुटता पर असर नहीं
भाजपा के एक महासचिव ने कहा है कि विपक्ष को प्रदर्शन करने का हक है, पर जिस तरह वह संवैधानिक संस्थाओं पर हमले कर रहा है, वह लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वाला है। इसीलिए उसे जनता का समर्थन नहीं मिलेगा। वह सरकार को भी इसमें लपेटकर नेताओं की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है, पर उसे सफलता नहीं मिलेगी। राजग की एकजुटता पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा। नेता चिराग पासवान ने कहा है अब भी अगर विपक्ष को कुछ शंकाएं हैं तो आयोग से सीधी बात करे।
क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों पर फोकस
भाजपा ने भी इन घटनाक्रमों से इतर अपने संगठन के कार्यक्रमों को जारी रखा है। पार्टी ने विपक्ष के इस आंदोलन के बीच सेवा संकल्प अभियान के जरिये लोगों तक खासकर युवा वर्ग तक अपनी पहुंच व्यापक की है। साथ ही वह क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों पर ज्यादा काम कर रही है, जिससे चुनावी राजनीति और रणनीति पर विपक्ष के इस तरह के आंदोलनों से जनता में सरकार के खिलाफ नकारात्मक माहौल न बने।
दिल्ली में अव्यवस्था फैलाने का प्रयास हो रहा : भाजपा
भाजपा ने गुरुवार को विपक्ष के प्रदर्शन के खिलाफ तीन पत्रकार वार्ता कीं। इसी क्रम में सिद्धार्थ यादव ने कहा कि जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं, वो प्रदर्शन नहीं बल्कि राष्ट्रीय राजधानी में फैलाई जा रही अराजकता को दिखाती हैं। इन प्रदर्शनों में कोई आम नगारिक भाग नहीं ले रहा। प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सड़क पर किए जा रहे अपने प्रदर्शनों के जरिये देश में नेपाल और बांग्लादेश जैसी अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने आंदोलनकारियों को नियंत्रित कर रही महिला पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की निंदा की।




