क्या होटल से धक्का देकर समरीन की हुई हत्या? अवनीश से इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ: पुलिस मुख्यालय के पीछे ओमेक्स न्यू हजरतगंज में होटल सेलेस्टियल की 10वीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरने से युवती की मौत के मामले में बहन शीबा के आरोपों के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस युवती के साथ होटल में रुके हत्यारोपित युवक की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक होटल सेलेस्टियल की 10वीं मंजिल के कमरा नंबर-1037 सोमवार सुबह 11:46 बजे सुलतानपुर निवासी अवनीश जायसवाल और चौपटिया निवासी समरीन पहुंचे थे। देर शाम युवती की उसी कमरे से संदिग्ध हालात में गिरने से मौत हो गई थी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
समरीन की मां सूफिया ने आरोपी अवनीश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी जबरन समरीन को कार में बैठाकर बात करने के बहाने होटल ले गया था। वहां दोनों के बीच शादी की बात पर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने समरीन के साथ मारपीट की। उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास किया। समरीन के विरोध करने पर आरोपी अवनीश ने उसे होटल के रूम से धक्का देकर हत्या कर दी।
इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात
समरीन और अवनीश की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। वहां अवनीश ने देव नाम से अकाउंट बना रखा था, जिसकी समरीन अकेली फॉलोअर थी। फोन नंबरों का आदान-प्रदान होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और कुछ ही दिनों में नजदीकियां बढ़ गई।
6 साल पहले हुआ था निकाह
चौपटिया निवासी सूफिया बानो की बेटी समरीन (24) का निकाह छह वर्ष पहले एक युवक से हुआ था। तीन वर्ष पहले दोनों के बीच अलगाव हो गया था। इसके बाद से समरीन मां के साथ रहती थी। परिवार में उसकी बहनें तानिया और अरीबा भी हैं। बड़ी बहन शीबा का निकाह हो चुका है, जबकि भाई इमरान और आमिर ओमान में रहते हैं।
अवनीश अक्सर समरीन से मिलने आता था
रिश्तेदार फैजान ने बताया कि सोमवार सुबह 10:30 बजे समरीन बड़ी बहन शीबा के साथ कपड़े खरीदने निकली थी। बाद में शीबा ऑटो से अपने ऑफिस चली गई, जबकि समरीन अवनीश के साथ चली गई। फैजान के मुताबिक, अवनीश अक्सर समरीन से मिलने लखनऊ आता था। समरीन ने इस बारे में अपनी बहनों को भी बताया था।
समरीन ने 3 बजे घर आने को कहा था
सोमवार दोपहर एक बजे मां सूफिया ने समरीन को फोन किया। उसने बताया था कि वह तीन बजे तक घर आ जाएगी। आरोप है कि अवनीश की शादी तय हो गई थी। इसके बाद से वह समरीन को परेशान कर रहा था। परिवारीजनों का आरोप है कि उसे दसवीं मंजिल से धक्का देकर हत्या की गई है।
शादी नहीं करनी थी तो छोड़ देता, मारा क्यों
समरीन की मौत से परिवार में मातम है। मां सूफिया बार-बार रोते हुए कह रही थीं कि उनकी बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था। अगर प्रेम संबंध था तो समरीन से निकाह कर लेता। निकाह नहीं करना था तो उसे छोड़ देता, लेकिन उसकी हत्या क्यों की? मंगलवार सुबह से ही रिश्तेदार और स्थानीय लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचते रहे।
‘आज मामले को फाइनल करके आऊंगी’
फैजान के मुताबिक, समरीन ने अपनी बहन से कहा था कि वह सोमवार को अवनीश से आखिरी बार बात करके मामले को फाइनल कर आएगी। घर नहीं लौटने पर शीबा ने करीब 1 बजे समरीन को फोन किया और कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए उसकी सहेली से बात कराई। फैजान के अनुसार, समरीन घबराई हुई थी। उसने कहा कि अवनीश उसे छोड़ने को तैयार नहीं है। उसने शीबा से रैपिडो बाइक बुक करने को कहा। काफी देर तक लोकेशन नहीं आने पर शीबा ने दोबारा फोन किया, लेकिन समरीन का मोबाइल बंद मिला।
तलाक की होनी थी आखिरी सुनवाई
फैजान ने बताया कि समरीन और उसके पति के बीच तलाक के मामले में मंगलवार को आखिरी सुनवाई थी। उम्मीद थी कि दोनों का तलाक हो जाता। घरवालों के मुताबिक शादी के बाद समरीन के एक बेटा हुआ था, जिसकी डायरिया से तीन वर्ष पहले मौत हो गई थी। समरीन के पिता तज्जू का 16 वर्ष पहले निधन हो चुका है।




