मनोरंजनमहाराष्ट्रराष्ट्रीय

प्वॉइंट ब्लैंक वाला पिस्टल हुआ जाम नहीं तो… टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले 2 नहीं 3 थे, 5 नहीं 7 राउंड फायरिंग

Tiger Shroff Shot: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर की शाम जुहू में हुआ हमला सिर्फ डराने के लिए नहीं, बल्कि ऐसा लगता है कि जान लेने की नीयत से किया गया था. पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने 2 नहीं बल्कि 3 हमलावर पहुंचे थे. हमलावरों ने 5 नहीं बल्कि पूरे 7 राउंड गोलियां दागीं, जिसमें से 5 कार पर हिट हुआ, जबकि 2 मिस हो गया. सबसे सनसनीखेज बात यह रही कि दूसरा शूटर बिल्कुल नजदीक पहुंच गया था. उसने टाइगर पर सीधे प्वॉइंट ब्लैंक रेंज से फायर झोंकने की पूरी कोशिश की. ऐन वक्त पर उसकी पिस्टल जाम हो गई. इस तकनीकी खराबी की वजह से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और टाइगर की जान बाल-बाल बच गई.

हालांकि, गाड़ी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में टाइगर के ड्राइवर और पास खड़े एक फैन को गोलियां लगी हैं. हमले के तुरंत बाद बिश्नोई गैंग ने इस वारदात की जिम्मेदारी लेकर सनसनी फैला दी है. पुलिस अब तीनों शूटरों के पूरे रूट को खंगाल रही है. पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने 45 मिनट तक खड़े रहकर अपने टारगेट का इंतज़ार किया था. टाइगर पर फायरिंग करने के बाद आरोपी अपनी बाइक अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर विरार दिशा में भाग गए.

तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर, क्राइम ब्रांच करेगी जांच
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही, इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है. मुंबई पुलिस ने 19 अक्टूबर की सुबह जानकारी दी कि मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ जुहू स्टेशन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109(1) और 3(5), तथा आर्म्स एक्ट की धारा के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. साथ ही, पुलिस ने जानकारी दी कि जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई है.

पार्टी से निकलते ही हमलावरों ने गाड़ी को घेरा
18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे का वक्त था. टाइगर श्रॉफ जुहू के पुष्पा नरसी पार्क में आयोजित एक बर्थडे पार्टी से बाहर आ रहे थे. जैसे ही उनकी कार सड़क पर पहुंची, बाइक सवार दो हमलावरों ने गाड़ी को घेर लिया. हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए कार पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई.

ड्राइवर और फैन को लगी गोली, टाइगर बाल-बाल बचे
हमलावरों ने पूरी प्लानिंग के साथ लगातार 7 राउंड फायर किए. गोलियों के छर्रे और शीशे टूटकर चारों तरफ बिखर गए. ड्राइवर फिरदौस के हाथ में गोली लगी है. पास खड़ा एक मासूम फैन सीने के पास गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. गनीमत यह रही कि गोली सीधे टाइगर को नहीं लगी. विंडस्क्रीन के टूटे कांच से उनके शरीर पर मामूली खरोंचें आई हैं.

सोशल मीडिया पर वॉइस नोट जारी कर ली जिम्मेदारी
वारदात के कुछ ही देर बाद इंटरनेट पर एक वॉइस नोट सामने आया. इसमें दो लोगों ने अपना नाम अनिल पंडित और हरमन संधू बताया. उन्होंने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताते हुए इस हमले की सीधी जिम्मेदारी ली. मुंबई पुलिस ने इस ऑडियो क्लिप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. शहर के सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

Related Articles

Back to top button