उत्तरप्रदेश

कार से ₹30000000 रुपये बरामद, दरवाजे में छिपाकर ले जाई जा रही थी रकम, हवाला का पैसा तो नहीं!

हापुड़: हापुड़ पिलखुवा के छिनारी टोल प्लाजा पर कार से तीन करोड़ रुपये बरामद किए गए। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। रकम कार के दरवाजे में छिपाकर ले जाई जा रही थी। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार की चेकिंग की। यह गाड़ी शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही थी। सूत्रों का कहना है कि शहर के एक बड़े कारोबारी का यह पैसा है, लेकिन आयकर और पुलिस के अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

तलाशी के दौरान सामान्य रूप से एक बैग में 35 लाख रुपये मिले, लेकिन जब टीम ने कार के दरवाजों की आंतरिक बनावट की जांच की, दरवाजों से 2.65 करोड़ रुपये बरामद किए गए। इस प्रकार कार से कुल 3 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई। कार में सवार लोग इतनी बड़ी रकम से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक कागजात अधिकारियों के सामने पेश नहीं कर सके।

काली कमाई के सोर्स की छानबीन

वे यह भी नहीं बता पाए कि यह पैसा कहां से आया और कहां ले जाया जा रहा था। इस खुलासे के बाद डीआरआई ने तुरंत आयकर विभाग को सूचना दी, जिसके बाद अब आयकर विभाग के अधिकारी इस बेनामी और काली कमाई के सोर्स की छानबीन कर रहे हैं। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर छिजारसी टोल के पास राजस्व सूचना निदेशालय (डीआरआइ) की टीम ने ये कार्रवाई की है।

यूपी और उत्तराखंड में आगमी चुनावों के मद्देनजर नकदी पकड़ा जाना संवेदनशील माना जा रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह किसी बड़े हवाला कारोबार का हिस्सा तो नहीं है। डीआरआई और आयकर विभाग की संयुक्त कार्रवाई से खलबली मची है। डीआरआई ने नोएडा टीम को केस सौंप दिया। हापुड़ आयकर विभाग के अधिकारी मनीष कुमार व सीओ मुनीश चन्द्र ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।

Related Articles

Back to top button