सनी देओल की ‘सूर्या’ का पहला गाना रिलीज,‘सुनियो जरा’ से 21 साल बाद फिर साथ आए उदित नारायण और कुमार सानू

नई दिल्ली. बॉलीवुड के 90 के दशक के गानों के शौकीन लोगों के लिए सनी देओल का नया गाना किसी तोहफे से कम नहीं. नी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ का पहला गाना ‘सुनियो जरा’ रिलीज हो गया है. गाने में सनी देओल का अलग अंदाज नजर आ रहा है. गाने में रवि किशन भी अपनी एक्टिंग से लोगों का दिल जीत रहे हैं.
इस गाने के जरिए मशहूर सिंगर उदित नारायण और कुमार सानू एक बार फिर साथ काम करते नजर आए हैं. दोनों की आवाज में सनी देओल और रवि किशन की आने वाली फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का पहला गाना ‘सुनियो जरा’ रिलीज हुआ है. इस गाने की एक खास बात ये भी है कि इसमें सिंगर्स ने करीब 21 साल बाद किसी गाने के लिए साथ काम किया है गाने में अनूपम अमोद ने भी अपनी आवाज से सजाया है.
दोस्ती और पुरानी यादों को दर्शाता है गाना
सनी देओल की ‘सूर्या’ के गाने ‘सुनियो जरा’ में दोस्ती और पुराने रिश्तों का अनोखा रंग देखने को मिला है. इसके म्यूजिक वीडियो में सनी देओल और रवि किशन साथ सफर करते नजर आ रहे हैं.दोनों के किरदारों में दोस्ती और साथ बिताए पलों की झलकियां दिखाई गई हैं. इस गाने को जी म्यूजिक कंपनी के बैनर तले रिलीज किया गया है. गाने का संगीत राही ने दिया है, जो प्रीतम के म्यूजिक प्रोडक्शन हाउस JAM8 से जुड़े हैं. वहीं, गाने के बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं.
इस गाने के जरिए पूरे 21 साल बाद कुमार सानू-उदित नारायण की जोड़ी फिर साथ आई है. ‘सुनियो जरा’ में जहां रवि किशन गाड़ी चलाते नजर आ रहे हैं, तो सनी देओल उनके साथ बैठे नजर आ रहे हैं. इस गाने के जरिए ये दोनों सुरों के सरताज 21 साल बाद फिर से सनी देओल की किसी फिल्म के लिए गाना गा रहे हैं. इससे पहले साल 2002 में आई सनी देओल की फिल्म ‘कर्ज: द बर्डन ऑफ ट्रुथ’ के लिए दोनों ने साथ काम किया था.
बता दें सनी देओल की ये मच अवेटेड फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. कमल मुकुट की इस फिल्म के निर्माता दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट हैं.फिल्म के डायरेक्शन की कमान एम. पद्मकुमार ने संभाली है. इस फिल्म के अलावा, सनी देओल फिल्म रामायण में भी नजर आने वाले हैं. फिलहाल, फिल्म का पहला गाना रिलीज होने के बाद दर्शकों को सनी देओल और रवि किशन की जोड़ी के साथ उदित नारायण और कुमार सानू की आवाज सुनने का मौका मिल गया है. अब देखना होगा कि ‘सुनियो जरा’ संगीत प्रेमियों के बीच कितना पसंद किया जाता है.




