मनोरंजन

‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, एडवांस बुकिंग ₹150 करोड़ पार, 100 Cr की रिकॉर्ड ओपनिंग पर नजर

‘हनुमान अंश’ के बाद बड़े पर्दे पर ‘रामायण’ रिलीज हो रही है.’हनुमान अंश’ की जबरदस्त सफलता के साथ ‘रामायण’ को लेक रदर्शकों की उम्मीदें भी आसमान छू रही हैं. फिल्म को लेकर सिनेमाघरों में जबरदस्त हलचल है. टिकट खिड़की पर दर्शकों की भीड़ और लगातार बढ़ते आंकड़े मेकर्स के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आए हैं

नई दिल्ली. बॉलीवुड की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म ने सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी ताकत दिखानी शुरू कर दी है. फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं. भारत में जहां इसकी कमाई 50 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है, वहीं दुनियाभर में एडवांस टिकट बिक्री का आंकड़ा 150 करोड़ रुपये पार कर चुका है. ऐसे में अब सभी की निगाहें फिल्म की पहले दिन की कमाई पर टिकी हैं.

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ ने भारत में 5 नवंबर को होने वाले अपने पहले दिन के लिए एडवांस बुकिंग से 49.75 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. इसमें ब्लॉक सीटों से हुई बुकिंग भी शामिल है. ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह आंकड़ा 42.50 करोड़ रुपये रह जाता है. फिल्म के अब तक 13.71 लाख टिकट बिक चुके हैं. वहीं, ब्लॉक सीटों को छोड़कर टिकटों की संख्या 11.79 लाख है. देशभर में फिल्म के लिए 26,590 शो उपलब्ध हैं. रिलीज से एक दिन पहले ही फिल्म 50 करोड़ रुपये के आंकड़े को छूने के बेहद करीब पहुंच गई है.

फिल्म की एडवांस बुकिंग में हिंदी वर्जन का सबसे बड़ा योगदान है. रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदी में पहले दिन के लिए 37.41 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हुआ है. ब्लॉक सीटों को हटाने पर यह कमाई 31.42 करोड़ रुपये है. हिंदी वर्जन के लिए देशभर में 21,535 शो रखे गए हैं. शहरों की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर 5.46 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग के साथ सबसे आगे है. मुंबई से 4.50 करोड़ रुपये और बेंगलुरु से 2.87 करोड़ रुपये की टिकट बिक्री हुई है.

‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग सिर्फ पहले दिन तक सीमित नहीं है. फिल्म के शुरुआती सात दिनों के लिए कुल 127.03 करोड़ रुपये की ग्रॉस टिकट बिक्री दर्ज की गई है. ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह रकम 102.38 करोड़ रुपये है. इसमें पहले दिन की बुकिंग का हिस्सा करीब 39 फीसदी है. वहीं, विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, ओवरसीज एडवांस टिकट बिक्री करीब 5.6 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है. घरेलू और विदेशी बाजारों को मिलाकर फिल्म की दुनियाभर की एडवांस बुकिंग 150 करोड़ रुपये के पार निकल गई है.

माना जा रहा है कि’रामायण’ पहले दिन सभी भाषाओं को मिलाकर 75 से 100 करोड़ रुपये तक की ओपनिंग कर सकती है. हालांकि, यह आंकड़ा दर्शकों की प्रतिक्रिया और सिनेमाघरों में असली फुटफॉल पर निर्भर करेगा. फिल्म के लाइफटाइम कलेक्शन को लेकर भी 1,000 से 3,000 करोड़ रुपये तक के अनुमान लगाए जा रहे हैं.

फिल्म को दक्षिण भारतीय बाजार में सूर्या की ‘सीन’ और नयनतारा की ‘मुकुथी अम्मन 2’ से मुकाबला करना होगा. ट्रेड एक्सपर्ट रमेश बाला के मुताबिक, कर्नाटक में ‘रामायण’ को लेकर खास एक्साइटमेंट है, जिसकी एक बड़ी वजह यश की लोकप्रियता है. वहीं, साई पल्लवी की मौजूदगी से दूसरे दक्षिण भारतीय बाजारों में भी फिल्म को फायदा मिलने की उम्मीद है.

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं. नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी इस दो भागों वाली महागाथा का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. फिल्म आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है.





Related Articles

Back to top button