
बड़ा सवाल है पीएम मोदी की उस घोषणा का, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है। क्या यह राष्ट्र नक्शे में ही बनेगा, क्या तब तक लोग स्वस्थ और जिंदा रह पांएगे। क्या साल 2047 तक ऐसे ही प्रदूषण की मार झेलनी पड़ेगी, जबकि इस वक्त दिल्ली में डबल इंजन की सरकार है। जब तक सडक़ों पर वाहनों की कुल संख्या घटाने, सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने और पूरे एनसीआर में पूरे वर्ष कठोर कदम उठाने की रणनीति नहीं अपनाई जाएगी, तब तक दिल्ली को इस दमघोंटू स्थिति से मुक्ति मिलना कठिन है। लोकसभा और दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की तरफ से डबल इंजन की सरकार का नारा दिया गया था, ताकि विकास भी दुगनी रफ्तार से हो सके…
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना वीडियो वारयल हो रहा है। इसमें मोदी दिल्ली के प्रदूषण और सर्दियों के मौसम को लेकर बात करते नजर आ रहे हैं। इस वायरल वीडियो में नरेंद्र मोदी यह कहते हुए सुनाई देते हैं- ‘इन्होंने दिल्ली का क्या हाल करके रख दिया है? जैसे ही सर्दियां आती हैं, इस प्रदूषित हवा में सांस लेना मुश्किल हो जाता है। इन लोगों ने दिल्ली के हर मौसम को एक आपदा में बदल दिया है।’ इसी तरह मोदी का एक वीडियो और भी है। यह 12 दिसंबर 2025 का संसदकालीन सत्र से पहले का है। मोदी ने संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन मीडिया को संबोधित किया था। उन्होंने दिल्ली के भीषण प्रदूषण को लेकर तंज कसते हुए कहा था कि, ‘आप भी मौसम का मजा लीजिए’, और फिर संसद को ‘नाटक’ करने की जगह नहीं बल्कि ‘कार्य निष्पादन’ की जगह बताते हुए अपना भाषण शुरू किया था। यह बात कहते हुए मोदी शायद यह भूल गए कि वे देश के प्रधानमंत्री हैं। केंद्र में लगातार तीसरी बार भाजपा गठबंधन की सरकार है और मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। दिल्ली राज्य में भाजपा की सरकार है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने सोशल मीडिया पर केंद्र और भाजपा शासित राज्यों को घेरते हुए सवाल उठाया कि ‘हम वायु प्रदूषण में ‘विश्व गुरु’ क्यों बनते जा रहे हैं?’ उन्होंने दिल्ली में वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों से पीएम 2.5 के आंकड़ों के गायब होने और पिछले साल के प्रदूषण नियंत्रण उपायों पर भी सवाल खड़े किए। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए दावा किया कि भारत को विश्व गुरु बनाने के दावों के बीच देश प्रदूषण के मामले में भी शीर्ष पर पहुंच गया है और उन्होंने भारत में प्रदूषण से हर साल बड़ी संख्या में लोगों की मौत का हवाला दिया। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बार-बार ‘बहुत खराब’ से ‘खतरनाक’ श्रेणी में दर्ज किया गया है, कुछ क्षेत्रों में स्तर 440-500 से ऊपर दर्ज किए गए हैं।
स्विस एयर क्वालिटी मॉनिटर संस्था के ताजा आंकड़ों और रिपोट्र्स के अनुसार दिल्ली को दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में बार-बार शीर्ष (नंबर-1) स्थान पर दर्ज किया गया है। नवंबर 2026 में दिवाली के आसपास दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक कुछ समय के लिए 581 से लेकर 1702 तक के खतरनाक स्तर को पार कर गया था, जो पाकिस्तान के लाहौर जैसे अन्य प्रदूषित शहरों से भी दोगुना से अधिक रहा। भारत में प्रदूषण की स्थिति दिन पर दिन खराब होती जा रही है। हाल यह है कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में भारत के 91 शहर हैं। वास्तविक समय में हवा की गुणवत्ता और वायु प्रदूषण के स्तर की जानकारी देने वाली वेबसाइट एक्यूआई डॉट इन के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार शाम 7 बजे पंजाब का फरीदकोट दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 605 दर्ज किया गया। इस सूची में पाकिस्तान के तीन और चीन के 6 शहर शामिल थे। हर साल दिवाली के बाद राजधानी में यही हाल होता है जब वायु गुणवत्ता सूचकांक खतरनाक स्तर तक बढ़ जाता है। भीषण प्रदूषण से अस्पतालों ने सांस संबंधी समस्याओं और कुछ मामलों में गंभीर फेफड़ों की बीमारियों से पीडि़त मरीजों की संख्या में अचानक वृद्धि दर्ज की है। दिल्ली निवासियों को स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि यदि वे आर्थिक रूप से सक्षम हैं तो शहर छोड़ दें, या यथासंभव घर के अंदर रहें और लगातार एयर प्यूरीफायर का उपयोग करें। इस वर्ष दीपावली से पहले से ही आधारभूत प्रदूषण पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहा। प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण अपर्याप्त रहा। यदि सर्दियों की शुरुआत में हवा की गुणवत्ता साफ होती और पराली जलाने तथा पटाखों से होने वाली अचानक वृद्धि पर रोक लगाते तो मौसमी बदलावों से इतना गंभीर प्रदूषण नहीं फैलता। भारतीय ऊष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मॉडल के अनुसार, दिवाली के अगले दिन सोमवार को दिल्ली के प्रदूषण में 80 प्रतिशत से ज्यादा योगदान पटाखों के धुएं का था। शहर पहले से ही कई स्रोतों से प्रदूषण झेल रहा था, फिर भी आतिशबाजी का असर साफ दिखा। प्रदूषण रोकथाम के लिए पूरे वर्ष प्रभावी कदम उठाने की जगह ग्रेप के अलग-अलग चरण लागू कर वाहनों की आवाजाही और निर्माण पर रोक लगाने सहित कई तरह के प्रतिबंध लागू कर दिए जाते हैं, लेकिन इससे दिल्ली की हवा साफ होने की जगह और जहरीली हो रही है।
सेंटर फार साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) के नए विश्लेषण का भी यही निष्कर्ष है। इस लापरवाही के कारण राजधानी की हवा दीपावली से पहले ही अन्य वर्षों की तुलना में अधिक प्रदूषित रही। लेकिन सीएसई की रिपोर्ट बताती है कि राजधानी में प्रदूषण वाहनों से होने वाले उत्सर्जन और अन्य आंतरिक कारण हैं। छह नवंबर को जब दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सबसे अधिक 382 था, तब पराली के धुएं का योगदान मात्र 8 प्रतिशत के आसपास था। सुप्रीम कोर्ट भी दिल्ली के प्रदूषण के मामले में लकीर का फकीर बना हुआ है। यह समस्या नई नहीं है। दशकों से चली आ रही है और सुप्रीम कोर्ट लाचार साबित हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई करते हुए लोगों पर तंज भी कस दिया कि मौसम का मजा आ रहा है। यह भी कह दिया जब तक लोग जागरूक नहीं होंगे तब तक प्रदूषण की समस्या का समाधान नहीं होगा। इस प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक महीने में दो मामले पहुंचे हैं। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है।
अब बड़ा सवाल है पीएम मोदी की उस घोषणा का, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है। क्या यह राष्ट्र नक्शे में ही बनेगा, क्या तब तक लोग स्वस्थ और जिंदा रह पांएगे। क्या साल 2047 तक ऐसे ही प्रदूषण की मार झेलनी पड़ेगी, जबकि इस वक्त दिल्ली में डबल इंजन की सरकार है। जब तक सडक़ों पर वाहनों की कुल संख्या घटाने, सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने और पूरे एनसीआर में पूरे वर्ष कठोर कदम उठाने की रणनीति नहीं अपनाई जाएगी, तब तक दिल्ली को इस दमघोंटू स्थिति से मुक्ति मिलना कठिन है। लोकसभा और दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की तरफ से डबल इंजन की सरकार का नारा दिया गया था, ताकि विकास भी दुगनी रफ्तार से हो सके। यदि ऐसे ही विकास की रफ्तार होगी, इसे देखने के लिए क्या कोई सही सलामत रहेगा। प्रदूषण का यह हाल क्या लोगों को सांस लेने के लायक भी छोड़ेगा। इन सवालों के जवाब न तो भाजपा के पास हैं और न ही उसकी डबल इंजन वाली सरकार के पास हैं। इस देश में लोगों की किस्मत में लगता है तिल तिल करके दम तोडऩा लिखा है, जो लोग तोड़ ही रहे हैं।-योगेंद्र योगी




