कुलगाम एनकाउंटर में लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर, अल्लाह का नाम लेकर सरेंडर से किया था इनकार

LeT Commander Lateef Bhat Killed in Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को मार गिराया है. वह एक मस्जिद में छिपा हुआ था और सुरक्षाबलों की बार-बार अपील के बावजूद उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया. अधिकारियों ने उसे हथियार डालने का मौका दिया, लेकिन उसने कहा कि उसके साथ केवल अल्लाह है और वह अपने लोगों के लिए कुर्बान होने जा रहा है.
LeT Commander Lateef Bhat Killed in Kulgam Encounter: कुलगाम एनकाउंटर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. मस्जिद छिपा लश्कर आतंकी लतीफ भट मारा गया है. आज यानी बुधवार को कुलगाम में चल रही मुठभेड़ के दौरान संयुक्त सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट्ट को ढेर कर दिया. इससे पहले उसने अल्लाह का नाम लेकर सरेंडर करने से इनकार कर दिया था. सुरक्षाबलों और पुलिस ने आतंकी को सरेंडर करने की बार-बार अपील की थी. इसके बावजूद वह मस्जिद में छिपा रहा और उस आतंकवादी लतीफ भट ने आत्मसमर्पण नहीं किया. उसने ‘अपनी जान से ज्यादा बंदूक को चुना’. उसने सुरक्षाबलों की अपील पर कहा था कि मेरे साथ अल्लाह है और मैं अपने लोगों के लिए कुर्बान होने जा रहा हूं.
दरअसल, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में रात से ही आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकी लतीफ भट को घेर लिया था. सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया. इसके बाद सुरक्षाबल और आतंकी के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई.
आतंकी लतीफ को मिला था बचने का मौका
एक वीडियो में सैन्य अधिकारी लगातार आतंकवादी लतीफ से हथियार डाल देने और आत्मसमर्पण करने की अपील करते दिखे. एक अधिकारी को आतंकी लतीफ से यह कहते हुए सुना गया, ‘हम तुम्हारे साथ हैं. इसके जवाब में आतंकी लतीफ ने कहा कि उसके साथ कोई नहीं है. उसके साथ केवल अल्लाह है. वह अपने लोगों के लिए कुर्बान होने जा रहा है’ हालांकि, उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया. फिलहाल, सुरक्षाबलों ने काफी मशक्कत के बाद उसे मार गिराया.
यह मुठभेड़ एक बड़े तलाशी अभियान के बीच हुई है, जो लगातार कुलगाम जिले के कई इलाकों में चल रहा है. इस अभियान के तहत सुरक्षा बल कई गांवों में घर-घर जाकर सघन तलाशी ले रहे हैं. इस संयुक्त अभियान में सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस शामिल हैं.
सोमवार को भी एक आतंकी हुआ था ढेर
अभियान के पहले दिन सोमवार को एक संदिग्ध आतंकवादी मारा गया था. सुरक्षाबलों ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर इस बारे में विस्तृत जानकारी दी कि कैसे उमर ने अखरान हमले को अंजाम देने में लतीफ भट की मदद की और कैसे लतीफ फिर से सक्रिय हो गया.
कौन था आतंकी लतीफ भट
सूत्रों के अनुसार, 22 वर्षीय लतीफ भट कश्मीर घाटी में लश्कर-ए-तैयबा का आखिरी सक्रिय स्थानीय कमांडर है. वह कुलगाम के खेवन चादर गांव का रहने वाला है. उस पर 15 लाख रुपये का इनाम भी है. वह घाटी में हुए कई हमलों से जुड़ा था. यह आतंकी 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक चौकी पर हुए हमले में भी शामिल था.
लश्कर का प्रॉक्सी संगठन कौन?
गौरतलब है कि लश्कर-ए-तैयबा अपने प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) के नाम से हमले करता है. यह वही द रेजिस्टेंस फोर्स है, जिसने पहलगाम अटैक को अंजाम दिया था. उसे पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से निर्देश मिलते थे. बताया जाता है कि आईएसआई लतीफ भट की मदद से कश्मीर में अपना स्थानीय नेटवर्क और मजबूत करना चाहती थी.




