छत्तीसगढ़

साइंस कॉलेज चौपाटी अमानाका ब्रिज के नीचे शिफ्ट : कांग्रेसी नेताओं ने किया भारी हंगामा . महापौर मीनल बोलीं- जल्द ही बनेगा नालंदा परिसर

रायपुर. राजधानी के जीई रोड स्थित साइंस कॉलेज चौपाटी को निगम अमले ने कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह अमानाका ब्रिज के नीचे शिफ्ट कर दिया. इस दौरान विरोध करते हुए कांग्रेसी नेताओं ने भारी हंगामा किया. नगर निगम रायपुर की इस कार्रवाई पर भाजपा विधायक राजेश मूणत ने मीडिया से चर्चा की, जिसमें उन्होंने दुकानों की शिफ्टिंग की पूरी जानकारी दी. वहीं महापौर मीनल चौबे ने जिस जगह चौपाटी थी, वहां बनने वाले नए प्रोजेक्ट को लेकर अपडेट दिया.

रायपुर पश्चिम से भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि चौपाटी का मामला अभी का नहीं है, यह साढ़े 3 साल पहले का है. भाजपा ने कांग्रेस सरकार में भी लगातार चौपाटी बनाए जाने का विरोध किया था. स्मार्ट सिटी ने चौपाटी को यूथ हब बताकर निर्माण किया था. चौपाटी की जमीन नगर निगम की नहीं, बल्कि खेल विभाग की है. बीजेपी के तमाम नेताओं ने अवैध चौपाटी के निर्माण के विरोध में 12 दिन तक प्रदर्शन किया था.

उन्होंने कहा कि 29 लाख रुपए में दुकानों के संचालन के लिए एजेंसी को दे दिया गया. 60 दुकानों से हर महीने 25 हजार रुपए लिए जा रहें हैं. जो दुकान एग्रीमेंट के तहत खोली जानी चाहिए थी, नहीं खोली गई. इसलिए उन दुकानों की शनिवार को शिफ्टिंग की गई है. वहीं उन्होंने चौपाटी हटाने का कांग्रेसियों द्वारा विरोध किए जाने पर कहा कि कांग्रेस केवल राजनीति के लिए इसका विरोध कर रही है.

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि हम (भाजपा) अवैध चौपाटी के शुरू से विरोध कर रही थी. इस चौपाटी में 60 दुकानों में बांटकर किराए में दिया गया था. अब नई शिफ्टिंग जगह में भी किरायेदारों को सभी सुविधाएं दी जाएंगी. चौपाटी स्थल पर जल्द ही नालंदा परिसर का निर्माण होगा. इस दौरान सभापति सूर्यकांत राठौड़, रायपुर नगर निगम के कई सदस्य और भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर भी उपस्थित रहें.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button