ट्रंप का करवाया सीजफायर फेल, थाईलैंड-कंबोडिया में छिड़ी जंग; एफ-16 से एयर स्ट्राइक, पांच की मौत

एजेंसियां— बैंकाक
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच फिर युद्ध भडक़ गया है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में हुए सीजफायर के बावजूद थाईलैंड ने एक बार फिर से कंबोडिया की सीमा पर एयर स्ट्राइक किया है। थाई सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल विंथाई सुवारी ने सोमवार को कहा कि थाईलैंड ने कंबोडिया के साथ अपनी विवादित सीमा पर हवाई हमले किए हैं। इससे पहले दोनों देशों ने एक दूसरे पर सीजफायर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। थाई सेना ने कंबोडिया बॉर्डर पर एफ-16 को तैनात कर दिया है और कंबोडिया के बॉर्डर पर हमला कर रही है। थाईलैंड की सेना ने एक बयान में बताया कि उबोन रत्चाथानी प्रांत के सबसे पूर्वी इलाके में दो जगहों पर हुई नई झड़पों में कम से कम एक थाई सैनिक मारा गया और चार घायल हो गए।
यह सीमा विवाद जुलाई में पांच दिन के युद्ध में बदल गया था, जिसके बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सीजफायर समझौता करवाया था। ट्रंप अक्तूबर में कुआलालंपुर में दोनों देशों के बीच एक बड़े सीजफायर समझौते पर हस्ताक्षर के गवाह बने थे, लेकिन यह सीजफायर दो महीने भी नहीं चला। थाईलैंड ने कंबोडिया पर भडक़ाऊ कार्रवाई का आरोप लगाया है। थाईलैंड के प्रमुख अखबार द नेशन ने कहा है कि रॉयल थाई आर्मी के कमांडरों ने कई इलाकों में थाई-कंबोडियाई सीमा पर बढ़ते टकराव की सूचना दी है। थाई सेना ने नियमों के तहत जवाब दिया और नागरिकों को निकालने में मदद के लिए तेज़ी से कदम उठाए। रविवार (7 दिसंबर) को लगातार लड़ाई के बाद जब कंबोडियाई सैनिकों ने सी सा केट प्रांत के कंथारालक जिले के फू फा लेक-प्लान हिन पैट कोन इलाके में हमला किया। थाई सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल विंथाई ने कहा कि सोमवार तडक़े उबोन रत्चाथानी प्रांत के नाम युएन जिले के चोंग आन मा इलाके में झड़पें हुईं। कंबोडियाई सैनिकों ने सुबह करीब 5.05 बजे छोटे हथियारों और इनडायरेक्ट-फायर हथियारों से गोलीबारी शुरू की और फायरिंग जारी रखी।
मई में मारे गए थे 30 से ज्यादा नागरिक
रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों सेनाओं की गोलीबारी में अब तक 4 कंबोडियाई नागरिक और एक थाई सैनिक मारा गया है। दोनों देशों के बीच मई में पांच दिन तक लड़ाई चली थी, जिसमें 30 से ज्यादा लोग मारे गए थे। इसके बाद अक्टूबर में दोनों देशों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मौजूदगी में शांति समझौता किया था। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से प्रीह विहियर और ता मुएन थॉम जैसे प्राचीन शिव मंदिरों को लेकर सीमा विवाद है। ये मंदिर दोनों देशों की सीमा के बिलकुल पास स्थित हैं, और आसपास की जमीन पर दोनों देश अपना-अपना दावा करते हैं।




