राजस्थान में भी बेचे कांग्रेस के टिकट, नवजोत कौर सिद्धू का बड़ा आरोप, निशाने पर वरिष्ठ कांग्रेसी

ब्यूरो — चंडीगढ़
पंजाब कांग्रेस बवाल थम नहीं रहा। निलंबन के बाद कांग्रेस नेत्री व पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने खुलकर पंजाब के कई वरिष्ठ कांग्रेसियों को अपने निशाने पर ले लिया है। उन्होंने मौजूदा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अमरेंदर सिंह राजा वडि़ंग से लेकर पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा व पूर्व सीएम कैप्टन अमरेंदर सिंह (अब भाजपा में) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके अलावा राजस्थान में भी कांग्रेस के टिकटों को बेचा गया, यह आरोप लगाकर नवजोत कौर ने कांग्रेस में छिड़े बवाल को और हवा दे दी है। निलंबन के बाद प्रतिक्रिया देते हुए नवजोत ने कहा कि उन्होंने यह कहा था कि पंजाब के लोग उनके पति नवजोत सिद्धू को सीएम देखना चाहते हैं, लेकिन उनके पास सीट फाइट करने के लिए 500 करोड़ नहीं हैं।
वे लोग तो अपना चुनाव लोगों से जुटाए चंदे पर लड़ते हैं और पार्टी से रुपया मांगते हैं, क्योंकि हमारे पास काला धन नहीं है। पता चला है कि उन्हें एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने लीगल नोटिस भेजा है, वे हर मंच पर सबूत के साथ लडऩे को तैयार हैं। वह बताएंगी कि संबंधित कांग्रेस नेता ने राजस्थान में भी कैसे और कितने में कांग्रेस के टिकट बेचे थे। तरनतारन उपचुनाव में भी टिकट बेची गई। 32 साल से कांग्रेस की सेवा करने वाले योग्य दावेदार को इसलिए टिकट नहीं मिला, क्योंकि उसके पास तीन करोड़ रुपए नहीं थे। नवजोत कौर ने कहा कि वडि़ंग ने प्रदेश में पार्टी को काफी नुकसान पहुंचाया है। तरनतारन उपचुनाव इसका ताजा उदाहरण है।
हम कांग्रेस के साथ हैं और हमेशा रहेंगे
नवजोत कौर सिद्धू ने साफ कहा है कि वह और उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ रहेंगे। नवजोत ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि हम कांग्रेस के साथ हैं और हमेशा रहेंगे, और हम अपने पंजाब राज्य को जीतेंगे और इसे अपने विनम्र, प्रिय और त्याग के प्रतीक गांधी परिवार को उपहार स्वरूप देंगे।




