सऊदी अरब का यमन में बड़ा हवाई हमला; UAE समर्थित STC बलों पर बमबारी, 20 की मौत

एजेंसियां— अदन-सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन के दक्षिणपूर्वी तेल-समृद्ध प्रांत हद्रामौत में कई स्थानों पर हवाई हमला किया, जिसमें 20 से ज्यादा लोग मारे गए और दर्जनों अन्य घायल हो गए। यह जानकारी एक स्थानीय चिकित्सा सूत्र ने दी। सेयुन पब्लिक हॉस्पिटल के एक सूत्र ने शिन्हुआ से कहा कि पिछले कुछ घंटों में अस्पताल में 20 से अधिक शव लाए गए हैं।
हमलों में नागरिकों सहित दर्जनों अन्य लोग घायल हुए हैं । इससे पहले दिन में, दक्षिणी संक्रमणकालीन परिषद (एसटीसी) से संबद्ध उपग्रह चैनल एआईसी ने कहा कि सऊदी अरब के तीव्र हवाई हमलों में सेयुन हवाई अड्डे और आसपास की आवासीय इमारतों को निशाना बनाया गया, जिसमें एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने शिन्हुआ से कहा कि हवाई हमलों के कारण नागरिकों में दहशत का माहौल है, जिससे कई परिवारों को भागने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस बीच, अदन स्थित, सऊदी समर्थित एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के एक अधिकारी ने हताहत नागरिकों और नागरिक अवसंरचना के नुकसान की खबरों पर गंभीर चिंता व्यक्त की, जिसमें सेयुन हवाई अड्डे को निशाना बनाना भी शामिल है।




