मध्यप्रदेश

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पार्क बन रहा बाघों का ‘कब्रगाह’, 24 घंटे के अंदर मिले दो शव, शिकार का है अंदेशा

उमरिया: मध्य प्रदेश के विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पार्क बाघों का कब्रगाह बनता जा रहा है। गुरुवार को 24 घंटे के अंदर पार्क में दो बाघों के शव मिले हैं। इनमें एक आठ माह का शावक भी है। वहीं, पार्क प्रबंधन ने बाघ शावक की मौत को किसी जानवर द्वारा मारे जाने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। वहीं, बड़े बाघ का शव बिना मुड़ेर के कुएं में मिला है।

पुराने कुएं में मिला बाघ का शव

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम रायपुर के कुदरी टोला में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खेत में बने एक पुराने कुएं में बाघ का शव देखा गया। सूचना मिलते ही जिम्मेदार पार्क अधिकारी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।

कुएं से आ रही थी दुर्गंध

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित इस पुराने कुएं से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बाघ की मौत 5 से 6 दिन से पहले हो चुकी है। हैरानी की बात यह है कि बाघ शावक की मौत के महज 24 घंटे के भीतर एक और बाघ का शव मिलना पार्क प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यह घटना न सिर्फ वन विभाग के लिए चुनौती बनकर सामने आई है, बल्कि वन्यजीव प्रेमियों के लिए भी बेहद निराशाजनक है। जिस स्थान पर बाघ का शव मिला, वह जंगल चौकी से लगभग 2 किलोमीटर दूर है। ऐसे में निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

सर्चिंग करवाई गई

वहीं, धमोखर रेंजर ध्रुव सिंह ने बताया कि बाघ का शव रायपुर बीट के कुदरी टोला में राजस्व क्षेत्र में मिलने की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई और डॉग स्क्वाड के माध्यम से आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग करवाई गई है। अभी बाघ का शव कुएं से नहीं निकाला जा सका है, कल दिन में शव को उच्च अधिकारियों और डाक्टरों की मौजूदगी में निकलवाया जाएगा। उसके बाद मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा, अभी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि 24 घंटे के भीतर दूसरे बाघ का शव मिलना पार्क प्रबंधन पर जहां एक तरफ सवालिया निशान लगा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ रायपुर क्षेत्र में बेलगाम वन माफिया की तरफ भी इशारा कर रहा है कि कहीं वन विभाग की मिली भगत तो नहीं है। फिलहाल वन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button